पुजारी को गोली मारने के विरोध में ग्रामीणों ने जाम की सड़क

Updated at : 05 Sep 2019 6:19 AM (IST)
विज्ञापन
पुजारी को गोली मारने के विरोध में ग्रामीणों ने जाम की सड़क

आरा/तरारी : जिले के ईमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में मंगलवार की रात वर्चस्व को लेकर हथियारबंद लोगों ने निर्माणाधीन मंदिर के पुजारी को गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने राजपुर गांव के समीप सड़क जाम कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. हालांकि पुलिस के पदाधिकारी मौके […]

विज्ञापन

आरा/तरारी : जिले के ईमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में मंगलवार की रात वर्चस्व को लेकर हथियारबंद लोगों ने निर्माणाधीन मंदिर के पुजारी को गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने राजपुर गांव के समीप सड़क जाम कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

हालांकि पुलिस के पदाधिकारी मौके पर जाकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिये, लेकिन लोग घटना स्थल पर वरीय पदाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. बाद में पीरो एसडीओ सुनील कुमार और पीरो एसडीपीओ अशोक कुमार आजाद मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिये.
तब जाकर मामला शांत हुआ. लगभग 20 घंटे तक जाम लगा रहा, जिसके कारण आम आवाम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बाद में घटना को लेकर द्वय पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति बहाल करने की अपील की. घायल पुजारी भोला पासवान के पुत्र अनिल पासवान को कल्याण विभाग से एक लाख रुपये का चेक दिया गया.
एसडीओ सुनील कुमार और डीएसपी अशोक कुमार ने कहा कि घटना में संलिप्त अपराधियों को किसी भी हाल में बक्सा नहीं जायेगा. वहीं, कानून को हाथ में लेकर रोड जाम करने, हो-हंगामा करनेवालों को भी छोड़ा नहीं जायेगा. उनके ऊपर भी कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार किया जायेगा. राजपुर विद्यालय में शांति बहाल होने तक तत्काल पुलिस पिकेट खोल दिया गया, जिन्हें सख्त हिदायत दी गयी है कि शांति भंग नहीं होनी चाहिए.
बताया जाता है कि गोविंद यादव पर हमले के पूर्व भी उसके भतीजे माखन यादव के ऊपर जानलेवा हमला किया गया था. तभी से दोनों गुटों के बीच वर्चस्व का जंग चल रहा है.
दोनों ही गुट बाहरी असामाजिक तत्वों की मदद से गिरोह बना हमेशा हथियारों से लैस होकर राजपुर में मंडराते रहते हैं और एक दूसरे पर हमला बोलने के फिराक में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते रहते हैं. एक ही गांव राजपुर के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में ही ये सभी घटनाएं घट रही हैं.
इससे संबंधित ही गोविंद यादव के ऊपर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी. उसके बाद से एक-दूसरे पर हमले और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाना दोनों पक्षों की आम बात हो गयी थी. दिनदहाड़े या शाम होते ही राजपुर में कई दिन बंदूकें गरजीं थीं. तनाव गहराता गया और हमले का शोला भड़क गया.
इसी बीच मंगलवार की देर शाम निर्माणाधीन राह बाबा के मंदिर के पुजारी भोला पासवान के ऊपर दो गोलियां दाग घायल कर दिया गया. पीड़ित को तरारी सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराने के बाद आरा रेफर कर दिया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है. हालांकि पुजारी के शरीर से बुलेट को डॉक्टरों ने निकाल दिया है और खतरे से बाहर बताया जा रहा है.
बदले की भावना से पुजारी को मारी गयी है गोली
घायल पुजारी के पुत्र अनिल पासवान ने लिखित आवेदन पुलिस को दिया है. पुजारी भोला पासवान के कोई परिजन का नाम गोविंद यादव की एफआइआर में नहीं है, लेकिन राजपुर के अलग-अलग दो जातियों के गुटों के बीच में वर्चस्व का जंग चल रहा है. मंगलवार की रात 11 बजे से बुधवार की शाम तक सड़क जाम रही.
जामकर्ताओं की मुख्य मांगे गोलियों से घायल पुजारी को इलाज के लिए मुआवजा, आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई, दलितों की सुरक्षा, स्थानीय थानाध्यक्ष की मामले में निष्यक्रियता पर विभागीय कार्यवाही की मांग की जा रही थी. पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने उनके मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन