जेपी कॉलेज नारायणपुर के प्राचार्य को शोकॉज, कुलपति पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में 24 घंटे में मांगा जवाब

TMBU News: TMBU प्रशासन ने जेपी कॉलेज नारायणपुर के प्राचार्य डॉ इमरान खान को वायरल वीडियो मामले में शोकॉज जारी किया है. कुलपति पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है.
भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट
TMBU News: तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है. जेपी कॉलेज, नारायणपुर के प्राचार्य डॉ इमरान खान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. वीडियो में प्रभारी कुलपति के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है.
मामले को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी किया है और 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है. हालांकि दूसरी ओर प्राचार्य ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश करार दिया है.
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दो जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को संज्ञान में लिया गया. आरोप है कि वीडियो में जेपी कॉलेज, नारायणपुर के प्राचार्य डॉ इमरान खान ने प्रभारी कुलपति के संबंध में आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की.
इसके बाद प्रभारी कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा के निर्देश पर प्रभारी रजिस्ट्रार प्रो. रंजना दुबे ने प्राचार्य को शोकॉज जारी किया.
शोकॉज में क्या-क्या लगाए गए आरोप
विश्वविद्यालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि प्राचार्य का कथित आचरण विश्वविद्यालय की सेवा संहिता और एक प्राचार्य के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है.
नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्राचार्य नियमित रूप से कॉलेज में उपस्थित नहीं रहते हैं और छात्रहित से जुड़े कार्यों तथा कॉलेज के प्रशासनिक दायित्वों की उपेक्षा करते हैं.
विश्वविद्यालय ने इन सभी आरोपों पर 24 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा है.
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो हो सकती है कार्रवाई
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो यह माना जाएगा कि संबंधित पक्ष को इस मामले में कुछ नहीं कहना है.
ऐसी स्थिति में विश्वविद्यालय प्रशासन उपलब्ध तथ्यों के आधार पर एकपक्षीय निर्णय लेते हुए आगे की प्रशासनिक कार्रवाई कर सकता है.
विश्वविद्यालय के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार मामले में आगे कड़ी कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. हालांकि अंतिम निर्णय जवाब मिलने के बाद ही लिया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
TMBU News: प्राचार्य बोले- साजिश के तहत फंसाया जा रहा
जेपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ इमरान खान ने विश्वविद्यालय की कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं.
उन्होंने दावा किया कि कॉलेज के एक शिक्षक की ओर से साजिश के तहत विश्वविद्यालय अधिकारियों से शिकायत कराई गई है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है.
वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि एक जुलाई को कुछ छात्र संगठनों के बहकावे में आकर उन्होंने कुछ बातें कह दी थीं. उसी दौरान किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर उसे गलत मंशा से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
प्राचार्य ने इस घटना पर खेद भी व्यक्त किया है.
अब सबकी नजर विश्वविद्यालय के अगले कदम पर
फिलहाल मामला विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विचाराधीन है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्राचार्य अपने जवाब में क्या स्पष्टीकरण देते हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन उसे किस तरह से परखता है.
यदि जवाब संतोषजनक पाया जाता है तो मामला वहीं समाप्त हो सकता है, जबकि असंतोषजनक जवाब की स्थिति में विश्वविद्यालय सेवा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई कर सकता है.
इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे के लिए बिहार के इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
बिहार के इन दो जिलों में जमीन के नीचे बनेगी ब्लास्ट-प्रूफ रेल लाइन, जंग में बंकर का करेगी काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










