कभी भी गिर सकता है टीएमबीयू के पीजी अंबेडकर विभाग का जर्जर भवन, रस्सी से घेरकर लगाया खतरे का बोर्ड
पीजी आंबेडकर विभाग का जर्जर भवन | Prabhat Khabar Network
भागलपुर के टीएमबीयू के पीजी अंबेडकर विभाग का भवन खतरनाक स्थिति में है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है. छत से मलबा गिरने के खतरे को देखते हुए खतरे का बोर्ड लगा दिया गया है. छात्र संगठन 22 सितंबर को इसके पुनर्निर्माण की मांग को लेकर मार्च निकालेंगे.
भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी अंबेडकर विभाग का जर्जर भवन हादसे को न्योता दे रहा है. भवन के लगभग सभी कमरे खराब स्थिति में हैं. छत और भवन के अन्य हिस्सों से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग परिसर के खतरनाक हिस्से को रस्सी से घेरकर खतरे का बोर्ड लगा दिया गया है.
इसके बावजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को विभाग के हॉल के एक हिस्से में बैठकर पढ़ाई और कामकाज करना पड़ रहा है. इससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
कई बार गिर चुका है भवन से मलबा
विभाग के शिक्षकों के अनुसार, भवन से कई बार मलबा गिर चुका है. संयोग से अब तक इसकी चपेट में आने से विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी बच गये हैं. जर्जर भवन में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
भवन की खराब स्थिति का असर कक्षाओं के संचालन पर भी पड़ रहा है. विभाग में आने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी लगातार चिंता बनी हुई है.
बगल का दो कमरों वाला भवन भी हो रहा जर्जर
पीजी अंबेडकर विभाग के ठीक बगल में दो कमरों का एक अन्य भवन है. लंबे समय से उपयोग में नहीं आने के कारण यह भवन भी जर्जर होता जा रहा है. विभाग का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन यदि इसका जीर्णोद्धार करा दे, तो यहां कार्यालय और कक्षाओं का संचालन किया जा सकता है.
इससे मुख्य जर्जर भवन पर निर्भरता कम होगी और विद्यार्थियों व शिक्षकों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा.
जीर्णोद्धार का प्रस्ताव फाइलों में अटका
दोनों भवनों की स्थिति सुधारने के लिए विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार रजक की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है. विभाग के अनुसार, अब तक जीर्णोद्धार को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और प्रस्ताव विश्वविद्यालय की फाइलों में ही अटका हुआ है.
विभागाध्यक्ष ने कहा कि भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए अनहोनी की आशंका बनी रहती है. इसी वजह से खतरनाक हिस्से की रस्सी से घेराबंदी कर खतरे का बोर्ड लगाया गया है, ताकि लोग उस हिस्से में जाने से बचें.
22 सितंबर को प्रतिरोध मार्च निकालेगा छात्र संगठन
टीएमबीयू के पीजी विभागों, कॉलेजों और छात्रावासों के जर्जर भवनों को लेकर बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन बिहार की ओर से 22 सितंबर को प्रतिरोध मार्च निकाला जायेगा. संगठन के अनुसार, मार्च अंबेडकर विचार विभाग से विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन तक निकाला जाएगा.
छात्र नेता सोनू कुमार निगम ने कहा कि जर्जर भवनों के अविलंब पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर संगठन की ओर से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए