‘गणपति बप्पा मोरया’ से गूंजा भागलपुर, कहीं 15 फीट की प्रतिमा तो कहीं 56 व्यंजनों का लगा भोग

Updated:
विज्ञापन

दही टोला लेन में स्थापित गजानन की प्रतिमा. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भागलपुर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणपति बप्पा का भव्य स्वागत हुआ. शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित की गईं गणेश प्रतिमाओं में कहीं 15 फीट की ऊंचाई तो कहीं 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया. इस उत्सव में भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया.

विज्ञापन

भागलपुर : गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को सिल्क सिटी भागलपुर समेत जिलेभर में गणपति बप्पा की धूम रही. परबत्ती, सिकंदरपुर, वारसलीगंज, अलीगंज, दही टोला लेन, महाशय ड्योढ़ी, जोगसर समेत विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी.

विज्ञापन

सुबह से ही पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. भक्तों ने भगवान गणेश को लड्डू और मोदक का भोग लगाकर पूजा की. इस दौरान शहर के कई इलाकों में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे.

कहीं सिंहासन तो कहीं चूहे पर विराजे गणपति

भागलपुर में गणेश प्रतिमाओं को अलग-अलग रूप में सजाया गया. कहीं भगवान गणेश सिंहासन पर विराजे, तो कहीं उन्हें मूषक पर सवार दिखाया गया. कई पूजा स्थलों पर भंडारा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये.

शर्मा चौक के राजा समिति की ओर से सोनापट्टी चौक, दही टोला लेन में भगवान गणेश की प्रतिमा सिंहासन पर स्थापित की गयी. महंत विष्णु शर्मा के संचालन में पूजा-अर्चना हुई. उन्होंने बताया कि यहां भागलपुर में सबसे पहले गणेश महोत्सव की शुरुआत हुई थी. चार दिनों तक अलग-अलग धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. मंगलवार को प्रसाद वितरण और बुधवार को भजन-कीर्तन का आयोजन होगा.

जोगसर में 56 व्यंजनों के साथ लगा भोग

गणेश पूजा समिति स्वामी विवेकानंद पथ की ओर से जोगसर में गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी. रंगीन रोशनी और फूलों से की गयी सजावट आकर्षण का केंद्र रही. यहां भगवान गणेश को लड्डू समेत 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया.

मंगलवार को खिचड़ी और खीर का भोग लगाया जायेगा. इस दौरान भजन का भी आयोजन होगा.

नयाबाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी पर गणेश पूजा की गयी. पंडित सौरभ मिश्रा ने वैदिक विधि-विधान से पूजा करायी और भगवान गणेश को लड्डू का भोग लगाया.

परबत्ती में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद हुई महाआरती

परबत्ती में सुबह भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. शाम को भव्य महाआरती हुई. इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा. पूजन का संचालन राजा मंडल ने किया.

सिकंदरपुर में गणेश उत्सव की सिल्वर जुबली

सिकंदरपुर रोड स्थित गजानंद क्लब की ओर से इस वर्ष गणेश उत्सव की 25वीं वर्षगांठ यानी सिल्वर जुबली मनायी जा रही है. अध्यक्ष दीपक कुमार सिन्हा की देखरेख में 17 सितंबर तक मुख्य गणेश पूजन, महाआरती और महाप्रसाद वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे.

वारसलीगंज स्थित बजरंगबली स्थान परिसर में मां शेरावाली क्लब की ओर से गणेश पूजा की गयी. यहां भगवान गणेश को लड्डू का भोग लगाया गया.

मेहंदी उत्सव के बाद बच्चों ने किया नृत्य

मध्य क्षेत्र के राणी सती मंदिर में गणेश पूजन से पहले मेहंदी उत्सव आयोजित किया गया. इसके बाद बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत कर भगवान गणेश का आह्वान किया. समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण भी किया गया.

सब्जी चौक बरारी और बरारी की अन्य गलियों में भी गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी.

महाशय ड्योढ़ी में बांग्ला विधि-विधान से पूजा

महाशय ड्योढ़ी परिसर स्थित भगवान गणेश मंदिर में बांग्ला विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई. सामाजिक कार्यकर्ता देवाशीष बनर्जी ने बताया कि यहां मेढ़ पर मेढ़ चढ़ाने की परंपरा पूरी की गयी. सुबह पूजा के बाद भोग लगाया गया, जबकि शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया.

बड़ी खंजरपुर में 15 फीट की गणेश प्रतिमा

बड़ी खंजरपुर गणेश चौक परिसर में इस बार 15 फीट की गणेश प्रतिमा स्थापित की गयी है. संस्थापक अरविंद यादव ने बताया कि यहां वर्ष 2009 से गणेश पूजा का आयोजन हो रहा है.

सोमवार को भगवान गणेश को लड्डू और केला का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. दूसरे दिन मीठा पुलाव का भोग लगाकर भंडारे का आयोजन किया जायेगा.

इसके अलावा नाथनगर, चंपानगर, दीपनगर, मंदरोजा समेत शहर के अन्य इलाकों में भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेश उत्सव मनाया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन