भागलपुर में बाढ़ का कहर: एक-दूसरे को बचाने में डूबीं 5 जिंदगियां; मां और तीन मासूम बच्चों समेत 5 की मौत से पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल परिसर में शव के पास रोते-बिलखते परिजन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भागलपुर के गोराडीह में बाढ़ के पानी में डूबने से पांच लोगों की जान चली गई. एक बच्चे को बचाने की कोशिश में मां और तीन मासूम बच्चों समेत एक किशोरी की मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

भागलपुर, गोराडीह. प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के बीच गुरुवार को हुए हृदयविदारक हादसे में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गयी. हादसा खुटाहा साव टोला से पंचायत भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ. मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गयी और पूरे इलाके में मातम पसर गया.

विज्ञापन

बच्चे को बचाने के प्रयास में एक-एक कर डूबे

जानकारी के अनुसार मुकेश साव की पत्नी मंचो देवी अपने परिवार के साथ बाढ़ प्रभावित रास्ते से गुजर रही थीं. इसी दौरान आठ वर्षीय अक्षय कुमार का पैर फिसल गया और वह सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया. उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी पानी में उतर गये और एक-एक कर डूब गये. हादसे में मंचो देवी, उनकी 13 वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी, नौ वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार और अक्षय कुमार की मौत हो गयी. वहीं पड़ोसी होमगार्ड जवान लुखो देवी की 16 वर्षीय पुत्री अंशु प्रिया भी हादसे की चपेट में आ गयी.

ग्रामीणों ने पानी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाढ़ के पानी से बाहर निकाला और तत्काल मायागंज अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया.

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से मचा कोहराम

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में बच्चों की आवाज और परिवार की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया. अंशु प्रिया की मौत से उसके परिवार में भी कोहराम मच गया. वह इंटर की छात्रा थी.

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों के घर पहुंचने लगे. पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

बाढ़ के पानी में छिपे गड्ढे ने ली पांच जानें

ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ के कारण सड़क और आसपास के नाले पूरी तरह पानी में डूब गये हैं. पानी की गहराई और सड़क किनारे मौजूद गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित रास्तों पर सुरक्षा के इंतजाम करने और ऐसे स्थानों पर लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की है.

मुखिया ने प्रशासन से सहायता की मांग की

मुखिया देवेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा शोक जताया. उन्होंने कहा कि एक साथ पांच लोगों की मौत पूरे पंचायत के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने मुंगेर से दबाया बटन, सीधे 1.05 करोड़ लोगों के अकाउंट में आए 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना बैलेंस

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन