भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के बेली ब्रिज पर फैसला जल्द: प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा बोले- जिला प्रशासन के फीडबैक पर निर्णय लेगी सरकार
नगर विकास सह जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा
प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने भागलपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया. उन्होंने विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज की अवधि बढ़ाने की घोषणा की और कहा कि जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे का निर्णय लेगी.
भागलपुर. जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने शनिवार देर शाम भागलपुर पहुंचे नगर विकास सह जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज को लेकर कहा कि जिला प्रशासन के फीडबैक के आधार पर राज्य सरकार आगे का निर्णय लेगी. उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज से जुड़ी व्यवस्था को एक तय समय सीमा के भीतर पूरा करना है. फिलहाल लोगों की सुविधा और जनभावना को देखते हुए इसके संचालन की अवधि बढ़ायी गयी है.
लोगों की मांग पर बढ़ायी गयी बेली ब्रिज की अवधि
परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज के माध्यम से लोगों के आवागमन की अस्थायी व्यवस्था की गयी है. इसे पहले बंद किया जाना था, लेकिन लोगों की मांग और जनभावना को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ायी गयी. कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल इसे जारी रखा गया है.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सक्षम है और बेली ब्रिज को लेकर उसकी रिपोर्ट और फीडबैक के आधार पर राज्य सरकार आगे की कार्रवाई करेगी.
मुख्यमंत्री खुद रख रहे बाढ़ की स्थिति पर नजर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति पर पूरी नजर रख रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और जिले का दौरा भी कर चुके हैं. उन्होंने बताया कि रविवार को वह स्वयं बाढ़ राहत कैंपों का जायजा लेंगे.
मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध करायी जा रही है. जिले की बड़ी आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है और आठ लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आये हैं. पानी कम होने के बाद भी राहत और पुनर्वास की चुनौती बनी हुई है.
बाढ़ से हुए नुकसान का प्रशासन करेगा आकलन
नीतीश मिश्रा ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन जिला प्रशासन की ओर से किया जायेगा. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का काम जारी है.
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जा रही है. जिन संसाधनों की आवश्यकता सामने आ रही है, उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है.
सोमवार को पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
मंत्री ने बताया कि सोमवार को जिले के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जायेगी. बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ बाढ़ के बाद की तैयारियों पर भी चर्चा होगी. राहत, पुनर्वास और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं को लेकर आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जायेगा.
गंगा में गाद और फरक्का बराज के मुद्दे पर भी रखी बात
गंगा में जमा गाद निकालने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इसके समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. फरक्का बराज से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार का पक्ष रखा. इसके अलावा ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़े विषयों पर भी उन्होंने अपनी बात रखी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए