भागलपुर शहर के डार्क जोन होंगे रोशन: 5 करोड़ की लागत से लगेंगी 5,068 LED स्ट्रीट लाइटें; टेंडर फाइनल, दीपावली से पहले का लक्ष्य
सांकेतिक तस्वीर.
भागलपुर शहर के अंधेरे कोसों को दूर करने की बड़ी योजना तैयार है. 5 करोड़ की लागत से 5068 जगहों पर पहली बार LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. यह काम दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य है.
भागलपुर. शहर के डार्क जोन में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना का टेंडर फाइनल हो गया है. सेन एंड पंडित इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी दी गयी है. नगर निगम ने संबंधित एजेंसी को सैंपल जमा करने के लिए सात दिनों का समय दिया है. एजेंसी की ओर से रविवार को सैंपल जमा करने की बात कही गयी है. सोमवार को सैंपल का निरीक्षण कर मॉडल का चयन किया जाएगा. इसके बाद निगम प्रशासन की ओर से एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा. यह जानकारी रोशनी शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने दी.
5068 स्थानों पर पहली बार होगी रोशनी की व्यवस्था
नगर निगम ने शहर में ऐसे 5068 स्थानों की पहचान की है, जहां बिजली के पोल तो मौजूद हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में अंधेरा रहता है. योजना के तहत इन सभी स्थानों पर नयी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगायी जाएगी. इससे शहर के कई डार्क जोन में रात के समय रोशनी की व्यवस्था हो सकेगी.
पांच चरणों में होगा स्ट्रीट लाइट लगाने का काम
नगर निगम ने योजना को पांच चरणों में पूरा करने की रणनीति तैयार की है. प्रत्येक चरण में 10-10 वार्डों को शामिल किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यवस्थित तरीके से काम पूरा किया जा सके. हर चरण के लिए अलग बजट निर्धारित किया गया है.
स्ट्रीट लाइट पर खर्च होंगे पांच करोड़ से अधिक
एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की पूरी योजना पर पांच करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है. निगम का लक्ष्य दीपावली से पहले सभी चिह्नित स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा करना है. काम पूरा होने के बाद शहर के कई प्रमुख और अंधेरे वाले इलाकों में रात के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी.
वार्डवार इतनी लगेंगी एलईडी स्ट्रीट लाइट
| वार्ड | प्रस्तावित एलईडी स्ट्रीट लाइट |
| वार्ड 1 से 10 | 836 |
| वार्ड 11 से 20 | 789 |
| वार्ड 21 से 30 | 1,086 |
| वार्ड 31 से 39 | 983 |
| वार्ड 40 से 51 | 1,374 |
| कुल | 5,068 |
सैंपल चयन के बाद जारी होगा वर्क ऑर्डर
नगर निगम की ओर से एजेंसी को सैंपल उपलब्ध कराने के लिए सात दिनों की मोहलत दी गयी है. सैंपल जमा होने के बाद निगम अधिकारी मॉडल की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच करेंगे. मॉडल का चयन होते ही एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए