भागलपुर: गुरहट्टा चौक पर धूमधाम से मनी बाबा गणिनाथ जी की 26वीं जयंती, राजनीतिक भागीदारी और नारी शक्ति पर जोर

विज्ञापन

बाबा गणिनाथ की जयंती पर कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

भागलपुर के गुरहट्टा चौक पर बाबा गणिनाथ जी की 26वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई. इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों ने सत्य, त्याग और सेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया. समारोह में शिक्षा प्रसार, नारी सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

रेशमी नगरी भागलपुर के गुरहट्टा चौक स्थित श्री श्री 108 बाबा गणिनाथ जी मंदिर प्रांगण में कानू हलवाई समाज के आराध्य कुलदेवता बाबा गणिनाथ जी की 26वीं पावन जयंती अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई. जयंती समारोह के अवसर पर सीमांचल और अंग क्षेत्र से जुटे समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और महिलाओं ने बाबा के बताए सत्य, त्याग और सेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने समाज के चहुंमुखी विकास के लिए शिक्षा का प्रसार करने, नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और शासन-प्रशासन में अपनी राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने पर पुरजोर बल दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया विधिवत उद्घाटन

समारोह का शुभारंभ पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, पीरपैंती प्रमुख सह प्रमुख संघ बिहार की अध्यक्षा रेशमी कुमारी, बिहपुर बभनगामा के वरिष्ठ समाजसेवी निरंजन साह, प्रवीण कुमार गुप्ता, इंजीनियर नंदकिशोर, संतोषी और डेजी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके उपरांत आयोजन समिति की ओर से मंचासीन अतिथियों को पारंपरिक अंगवस्त्र और पाग भेंट कर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज को संगठित, शिक्षित और नैतिक रूप से सशक्त बनाने की अपील की.

बाबा गणिनाथ की जयंती पर कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
बाबा गणिनाथ की जयंती पर कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

नारी शक्ति और राजनीतिक सशक्तिकरण पर मंथन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेशमी कुमारी ने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की आधी आबादी के सहयोग के बिना अधूरी है, इसलिए महिलाओं को परिवार के साथ-साथ सामाजिक और नेतृत्वकारी निर्णयों में आगे आना होगा. पूर्व जिप अध्यक्ष टुनटुन साह ने सामाजिक चेतना के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत रेखांकित की. वहीं समाजसेवी निरंजन साह ने बाबा गणिनाथ जी की जन्मस्थली को राजकीय मेले का दर्जा मिलने पर सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह समूचे समाज के लिए गौरव का विषय है, और संगठन को अब निरंतर कल्याणकारी योजनाओं पर कार्य करना चाहिए.

बाबा गणिनाथ की जयंती पर कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
बाबा गणिनाथ की जयंती पर कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, अमर आहूजा ने संभाला मंच

समारोह के दौरान जनसेवा की भावना से एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. डॉ. ओमनाथ भारतीय के कुशल नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक परामर्श व दवाएं दीं. पूरे विचार सत्र और औपचारिक मंच का संचालन अमर आहूजा ने किया, जिन्होंने समाज को एकजुट रखने वाले प्रेरक प्रसंगों से श्रोताओं को बांधे रखा.

भक्ति जागरण में बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दिनभर चले विचार सत्र और पूजा-अर्चना के बाद संध्या वेला में भव्य भक्ति जागरण का आयोजन हुआ. जागरण मंच पर राहुल सर के मार्गदर्शन में नन्हे बच्चों और कलाकारों ने बाबा गणिनाथ जी के भजनों और मनमोहक नृत्यों की ऐसी शानदार प्रस्तुति दी कि पूरा प्रांगण भक्तिमय हो उठा. आयोजन को सफल बनाने में अमन, राहुल, अलक्षेश, नंदू साह, प्रशांत, शोभा और डेज़ी सहित बड़ी संख्या में समाज के समर्पित कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन