तीन घंटे चला ऑपरेशन, शरीर से निकाली गईं 3 गोलियां : गोलीबारी में घायल अनिल मंडल खतरे से बाहर
भागलपुर में इलाजरत अनिल मंडल | Prabhat Khabar Network
गोड्डा में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें किराना दुकानदार अनिल मंडल को गोली मार दी गई. उनके शरीर से तीन गोलियां निकाली गई हैं और इलाज चल रहा है.
गोड्डा के मोतिया ओपी क्षेत्र के गांगटा फासिया गांव में रविवार रात जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल किराना दुकानदार अनिल मंडल (48) का भागलपुर के जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों ने करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन कर उनके शरीर में लगी तीन गोलियां निकाल दी हैं. फिलहाल डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी है, हालांकि घटना के बाद से अब तक उन्हें होश नहीं आया है.
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, रास्ते में हुई फायरिंग
परिजनों के अनुसार, अनिल मंडल गांगटा फासिया गांव में किराना दुकान चलाते हैं. रविवार रात करीब 7:30 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे. उनके साथ उनकी 15 वर्षीय बेटी आंचल कुमारी भी साइकिल से थी.
बताया गया कि आंचल आगे निकल गयी थी, जबकि अनिल पैदल पीछे से आ रहे थे. इसी दौरान रास्ते में टोटो सवार कुछ लोग उनके पास पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि टोटो खराब होने का बहाना बनाकर आरोपितों ने अनिल को अपने करीब बुलाया और फिर पिस्टल से फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद अनिल मौके पर गिर पड़े.
घायल पिता को देखकर बेटी ने दी परिजनों को सूचना
पिता के काफी देर तक पीछे नहीं आने पर आंचल वापस उन्हें देखने पहुंची. वहां उसने अनिल को घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा देखा. इसके बाद उसने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी.
परिजन मौके पर पहुंचे और अनिल को इलाज के लिए पहले गोड्डा अस्पताल ले गये. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जमीन विवाद में चचेरे भाई पर आरोप
परिजनों का कहना है कि अनिल मंडल का जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को घटना की वजह बताते हुए उन्होंने अनिल के चचेरे भाई संतोष कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया है.
परिजनों के अनुसार, फायरिंग में अनिल की बांह, पेट और बाएं हाथ में गोली लगी थी. इसके बाद उन्हें मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन में शरीर में लगी तीन गोलियां निकाल दी गयीं.
भागलपुर पहुंची गोड्डा पुलिस, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोड्डा पुलिस की टीम भी भागलपुर पहुंची और अस्पताल में अनिल के परिजनों से पूछताछ की. पुलिस फायरिंग के कारण, इसमें शामिल लोगों और हथियार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी और अब तक की जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
भागलपुर सदर अस्पताल में आज कौन-कौन से डॉक्टर रहेंगे तैनात? क्लिक करें और देखें OPD का पूरा शेड्यूल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए