Bhagalpur news गंगा जलमार्ग से चला संरक्षण का संदेश
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 03 Feb 2026 1:24 AM
विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर वन प्रमंडल भागलपुर की ओर से आर्द्रभूमि, पारंपरिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासतोत्सव कार्यक्रम के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया.
विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर वन प्रमंडल भागलपुर की ओर से आर्द्रभूमि, पारंपरिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासतोत्सव कार्यक्रम के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. वन विभाग की टीम गंगा के जलमार्ग से सुलतानगंज से सबौर तक नौका से रवाना हुई. नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने हरी झंडी दिखा कर नौका रथ को रवाना किया. मुख्य पार्षद ने कहा कि गंगा और उससे जुड़ी आर्द्रभूमियां सैकड़ों जलीय जीवों और प्रवासी पक्षियों का प्राकृतिक आवास हैं, लेकिन मानवीय गतिविधियों से कई प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंच रही हैं. इसी खतरे को देखते हुए जलमार्ग से लोगों को जागरूक करने की यह पहल की गयी है. इस अभियान के तहत सुलतानगंज से सबौर तक गंगा तट के किनारे बसे लोगों को प्रवासी पक्षियों और जलीय जीवों के संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी जायेगी. मौके पर पार्षद संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी सहित बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पदाधिकारी, भागलपुर वन प्रमंडल अधिकारी तथा वन विभाग की पूरी टीम मौजूद थी.
पूरे देश में फिर चमका सुलतानगंज नगर परिषद
सुलतानगंज नगर परिषद ने फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाई है. पूरे भारत के नगर निकायों को पीछे छोड़ते हुए सुलतानगंज नगर परिषद ने बेस्ट अकाउंट्स प्रैक्टिस वर्ग में पहला स्थान हासिल करते हुए अवार्ड प्राप्त किया है. यह सम्मान वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंट्स (डब्लूओएफ 2.0–2026) के भव्य समारोह में प्रदान किया गया.मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार को यह सम्मान प्रदान किया गया. उन्हें नगर परिषद की उत्कृष्ट कार्यशैली, पारदर्शी लेखा व्यवस्था और बेहतर प्रशासनिक कुशलता के लिए शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. मुख्य पार्षद ने कहा कि यह उपलब्धि नगर परिषद की टीमवर्क, कड़ी मेहनत और स्पष्ट विजन का परिणाम है. प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई थी.
तीन साल के लेखा-जोखा की हुई सख्त जांच
नगर परिषद के प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत नगर परिषद से पिछले तीन वर्षों के अकाउंट से संबंधित विस्तृत लेखा-जोखा रिपोर्ट मांगी गई थी. सभी वित्तीय अभिलेखों को सुसंगठित रूप से संधारित कर प्रस्तुत किया गया. इसके साथ ही ऑब्जेक्टिव प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए, जिसमें सुलतानगंज नगर परिषद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. राष्ट्रीय स्तर पर टॉप स्थान मिलने की खबर से नगर परिषद के पार्षदों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है. पार्षदों और कर्मियों ने इस उपलब्धि को नगर के लिए गौरव का क्षण बताया और एक-दूसरे को बधाई दी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










