परबत्ता में असामाजिक तत्वों ने जहजवा धार तटबंध तोड़ा, इस्माइलपुर में फैल रहा पानी

Updated at : 02 Sep 2018 5:31 AM (IST)
विज्ञापन
परबत्ता में असामाजिक तत्वों ने जहजवा धार तटबंध तोड़ा, इस्माइलपुर में फैल रहा पानी

गोपालपुर : इस्माइलपुर प्रखंड के परबत्ता स्थित जहजवा धार में जनसहयोग से निर्मित तटबंध शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया. इसके कारण इस्माइलपुर व गोपालपुर प्रखंड में तेजी से पानी घुस रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. तटबंध तोड़े जाने की खबर फैलने पर इस्माइलपुर प्रखंड में अफरातफरी मच […]

विज्ञापन

गोपालपुर : इस्माइलपुर प्रखंड के परबत्ता स्थित जहजवा धार में जनसहयोग से निर्मित तटबंध शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया. इसके कारण इस्माइलपुर व गोपालपुर प्रखंड में तेजी से पानी घुस रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. तटबंध तोड़े जाने की खबर फैलने पर इस्माइलपुर प्रखंड में अफरातफरी मच गयी है. ग्रामीण माल मवेशियों और जरूरी सामानों के साथ सुरक्षित जगहों की ओर जा रहे हैं.

प्रशासन की उदासीनता के कारण उत्पन्न हुई यह स्थिति : जिला पार्षद
इस्माइलपुर के जिला पार्षद विपिन मंडल का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. डीएम से लेकर सीएम तक और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को परबत्ता धार में तटबंध निर्माण कराने की गुहार लगायी गयी, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई. अंतत: जनसहयोग से तटबंध बनाया गया था. सीओ की अनुशंसा पर उस तटबंध की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात किया गया था. तटबंध के क्षतिग्रस्त होने पर ग्रामीणों ने उसकी मरम्मत भी की थी. लेकिन, असामाजिक तत्वों को इस्माइलपुर की खुशी देखी नहीं गयी.
तटबंध पर तैनात किया गया चौकीदार रहता था गायब : तटबंध की सुरक्षा के लिए नवगछिया एसपी, एसडीपीओ व इस्माइलपुर के थानाध्यक्ष से भी अनुरोध किया गया था, लेकिन किसी ने इसकी सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया. तटबंध की सुरक्षा में जो चौकीदार तैनात किया गया था वह पुलिस कैंप में सोया रहता था. इसका फायदा उठाकर शरारती तत्वों ने शुक्रवार की देर रात तटबंध तोड दिया.
कहते हैं परबत्ता थाना अध्यक्ष
परबत्ता थाना के थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि तटबंध पर चौकीदार तैनात किया गया था. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तटबंध स्वत: टूटा है या इसे तोड़ा गया है. छानबीन की जा रही है.
कहते हैं सीओ
इस्माइलपुर के सीओ ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिल रही है कि तटबंध को असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है, लेकिन सच क्या है अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता.
कहते हैं कार्यपालक अभियंता
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जहजवा धार पर बनाया गया तटबंध जल संसाधन विभाग के अंतर्गत नहीं था. इसलिए विभागीय स्तर से देखरेख भी नहीं की जा रही थी. इस तटबंध को ग्रामीणों ने जनसहयोग से बनाया था. तटबंध टूटा है या इसे तोड़ा गया है, इस संबंध में हम कुछ नहीं कह सकते हैं.
गंगा का जलस्तर बढ़ा, बिंद टोली में कटाव शुरू
इस्माइलपुर-बिंद टोली में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है, जिसके कारण सभी स्परों पर पानी का दबाव बढ़ गया है. स्पर संख्या आठ और नौ के बीच स्थित बिंद टोली गांव के पीछे लगभग 100 मीटर के दायरे में भीषण कटाव हो रहा है, जिससे वहां अफरातफरी मच गयी है. सूचना मिलने पर जल संसाधन विभाग के अभियंता कटाव स्थल पर पहुंचे और पुनर्स्थापन का काम शुरू कराया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन