मां की भी गयी जान, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में पुत्र व पुत्रवधू ने माता-पिता को जहर देने के बाद सोमवार की सुबह वृद्धा उमा देवी की भी मौत हो गयी. जहर खाने के तुरंत बाद वृद्ध हरिलाल मंडल की मौत हो गयी थी. सोमवार को भवानीपुर पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल […]
विज्ञापन
नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में पुत्र व पुत्रवधू ने माता-पिता को जहर देने के बाद सोमवार की सुबह वृद्धा उमा देवी की भी मौत हो गयी. जहर खाने के तुरंत बाद वृद्ध हरिलाल मंडल की मौत हो गयी थी. सोमवार को भवानीपुर पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया, फिर दोनों शवों को परिजनों के हवाले किया गया.
इस मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने भवानीपुर ओपी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए देर शाम भवानीपुर थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव को रखकर जाम कर दिया. मृतक वृद्ध दंपती के पुत्र गौतम कुमार मंडल का कहना था कि देर रात पुलिस ने उल्टे उसकी ही पिटाई कर दी. गौतम का कहना था कि उसकी मां करीब 16 घंटे तक जीवित रही, लेकिन पुलिस ने उसका फर्द बयान नहीं लिया और न ही इलाज के लिए जाने दिया. सुबह जब स्थिति काफी गंभीर हो गयी, तो मां को लेकर वह लोग जेएलएनएमसीएच मायागंज जा रहे थे कि रास्ते में ही मां की मौत हो गयी.
मौके पर पहुंचे बिहपुर सर्किल के इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार के समझाने बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया. इधर भवानीपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित पुत्र ध्रुव कुमार मंडल और उसकी पत्नी मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है.
छोटे बेटे के साथ रहते थे वृद्ध दंपती. वृद्ध दंपती हरिलाल और उसकी पत्नी उमा देवी अपने छोटे बेटे गौतम कुमार मंडल के साथ रहते थे. मृतक की बेटी चंद्रिका देवी, रेखा देवी और देवकी देवी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह लोग देर रात ही नारायणपुर शाहपुर पहुंच चुके थे. पिता की मौत हो गयी थी और मां जीवित थी. हालांकि उनकी हालत गंभीर थी, लेकिन वह बातचीत कर रही थी. तीनों पुत्रों ने बताया कि उनके माता-पिता अपने छोटे पुत्र गौतम कुमार के साथ रहते थे. तीनों पुत्रियों ने कहा कि गंभीर अवस्था में उनकी मां उमा देवी ने उन तीनों को बताया कि रविवार को दोपहर दोनों मजदूरी करने गये थे. दोपहर बाद दोनों घर खाना खाने के लिए आये थे. घर में खाना रखा था और दोनों को काफी भूख लगी थी, इसलिए दोनों ने बिना किसी शक संदेह के खाना खा लिया.
खाना खाने के एक घंटे के अंदर दोनों की स्थिति खराब होने लगी. तब आसपास के लोगों और पुत्र गौतम को सूचना दी गयी. उस समय पता चला कि दाल में ज़हर मिलाया गया था. ग्रामीणों ने बताया कि उमा देवी गंभीर अवस्था में बार-बार कह रही थी कि दाल का स्वाद उन्हें खराब लग रहा था, लेकिन उसको लग रहा था कि दोपहर हो गयी है और दाल सुबह का बना हुआ है, इसलिए दाल का स्वाद खराब हो गया होगा और उसने बिना किसी शक के दाल को चावल के साथ मिला कर खा लिया. ग्रामीण अवधेश, मंडल जयप्रकाश मंडल, सुंदर मंडल, प्रमोद आजाद ने बताया कि एक कट्ठा जमीन को लेकर विवाद था. ध्रुव कुमार मंडल और उसकी पत्नी मंजू देवी अक्सर वृद्ध दंपती को पीटते थे. जानकारी मिली है कि ग्रामीणों और तीनों पुत्रियों ने अपना बयान पुलिस के समक्ष दर्ज करवाया है.
कहते हैं एसडीपीओ. नवगछिया के एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने कहा कि देर शाम तक परिजनों द्वारा आवेदन नहीं दिया गया था. हालांकि पुलिस ने अपने स्तर से कार्रवाई की है. अगर आवेदन दिया जायेगा तो कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










