बेतिया के दो शिक्षा अधिकारियों को राष्ट्रीय सम्मान, मनोज कुमार ने महादलित बस्ती की बदली तस्वीर तो योगेश कुमार ने भी छोड़ी अलग छाप

Updated:
विज्ञापन

शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार | Prabhat Khabar Network

बेतिया के मनोज कुमार ने रोहतास में महादलित बस्ती के विद्यालय की बदहाल व्यवस्था बदली. बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत हुई और एक छात्र नवोदय पहुंचा. शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मनोज कुमार और योगेश कुमार को दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा.

विज्ञापन

बेतिया न्यूज: शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बेतिया से जुड़े दो शिक्षा अधिकारियों का चयन राष्ट्रीय सम्मान के लिए हुआ है. इनमें वर्तमान में मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड में बीइओ के रूप में कार्यरत बेतिया निवासी मनोज कुमार और बेतिया के पूर्व डीपीओ तथा वर्तमान में पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार शामिल हैं. दोनों अधिकारियों को शैक्षिक नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन


रोहतास में निरीक्षण के दौरान दिखी बदहाल स्थिति

मनोज कुमार इससे पहले रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड में बीइओ के पद पर कार्यरत थे. वहां विद्यालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक महादलित बस्ती स्थित विद्यालय की बदहाल स्थिति देखी. विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम थी. विद्यालय परिसर में बने किचन शेड का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. इसके अलावा विद्यालय संचालन में कई अन्य विसंगतियां भी सामने आयीं.


ग्रामीणों से किया संवाद, शत प्रतिशत पहुचीं उपस्थिति

मनोज कुमार ने समस्या को केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ग्रामीणों से लगातार संवाद किया. लोगों को शिक्षा का महत्व समझाया और विद्यालय को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने की पहल की. धीरे-धीरे इसका असर दिखने लगा. विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ी और बाद में शत-प्रतिशत तक पहुंच गयी.


नशे से दूर होकर काम-धंधे से जुड़े ग्रामीण

मनोज कुमार के प्रयास का असर बस्ती के सामाजिक जीवन पर भी पड़ा. ग्रामीणों के अनुसार, पहले कई लोग नशापान में समय बिताते थे, लेकिन जागरूकता बढ़ने के बाद उनमें से अधिकांश अपने काम-धंधे में जुट गये. बच्चों की नियमित पढ़ाई शुरू हुई. इसी विद्यालय के एक छात्र ने नवोदय विद्यालय की परीक्षा भी उत्तीर्ण की. छात्र की सफलता से पूरी बस्ती में शिक्षा को लेकर नया उत्साह पैदा हुआ. उनके इस प्रयास की चर्चा शिक्षा विभाग तक पहुंची और इसे शैक्षिक नवाचार का बेहतर उदाहरण माना गया. इसी कार्य के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन (नीपा) की ओर से मनोज कुमार को दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.


सफेद कपड़े में मनोज कुमार और रंगीन कपड़े में योगेश कुमार  | Prabhat Khabar Network
शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार | Prabhat Khabar Network


योगेश कुमार का नाम भी राष्ट्रीय सम्मान की सूची में

इसी कड़ी में बेतिया के पूर्व डीपीओ और वर्तमान में पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में सेवा दे रहे योगेश कुमार का नाम भी राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित अधिकारियों की सूची में शामिल है. शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्य और योगदान को देखते हुए उन्हें भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.


बेतिया से जुड़े दो शिक्षा अधिकारियों का चयन महत्वपूर्ण उपलब्धि

बेतिया से जुड़े इन दोनों शिक्षा अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन जिले के शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. इससे यह संदेश भी जाता है कि शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक पहल और नवाचार के जरिए न केवल विद्यालयों की तस्वीर बदली जा सकती है, बल्कि समाज में भी व्यापक बदलाव लाया जा सकता है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन