बगहा: घर में बंद थे तीन लोग, छुड़ाने पहुंची पुलिस तो बरसने लगे डंडे, वाहन पर हमला, 4 हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

मौके पर पहुंची पुलिस और जुटे ग्रामीण.

बगहा के रामनगर में एक पारिवारिक और जमीन विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया. जब पुलिस घर में बंद लोगों को निकालने पहुंची, तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया और वाहनों पर हमला किया. इस घटना में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है.

विज्ञापन

Bagaha News: बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र के कट सिकरी गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. घर के अंदर बंद दो महिलाओं और एक पुरुष को बाहर निकालने पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया. आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन पर लाठी-डंडे बरसाए और जवानों के साथ धक्का-मुक्की की. पुलिस ने तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के बाद वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने तीन-चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Ramnagar News: पारिवारिक और जमीन विवाद से शुरू हुआ मामला

जानकारी के अनुसार कट सिकरी निवासी मुखलाल राम की पुत्री नैना देवी की करीब दस वर्ष पहले मझौलिया निवासी सतन राम से शादी हुई थी. सतन राम के अनुसार, रोजगार के सिलसिले में गल्फ कंट्री में रहने के दौरान उसने पत्नी के कहने पर कट सिकरी में उसके नाम से पांच धुर जमीन खरीदी और वहां घर बनवाया. दंपती के दो बच्चे हैं.

पत्नी के दूसरे व्यक्ति के साथ रहने को लेकर विवाद का आरोप

सतन राम ने पुलिस को बताया कि होली में विदेश से लौटने के बाद उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी नैना देवी मठिया निवासी पप्पू अंसारी के साथ रह रही है. रक्षा बंधन के मौके पर जब वह मझौलिया गया था, उसी दौरान नैना देवी पप्पू अंसारी के साथ कट सिकरी स्थित घर पहुंची और ताला तोड़कर सामान निकालने लगी.

इसकी जानकारी मिलने के बाद सतन राम अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई.

महिला समेत तीन लोगों को घर में किया गया बंद

मारपीट के दौरान ग्रामीणों ने नैना देवी, पप्पू अंसारी और उसकी मां गौदा खातून के साथ मारपीट कर उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तीनों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंची.

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया.

पुलिस वाहन पर डंडे बरसाने और धक्का-मुक्की का आरोप

पुलिस टीम जब घर में बंद तीनों लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध किया. आरोप है कि इस दौरान पुलिस वाहन पर लाठी-डंडे बरसाए गए और जवानों के साथ धक्का-मुक्की की गई.

हालांकि पुलिस टीम ने स्थिति संभालते हुए महिला समेत तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक योगेंद्र रविदास, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष मो. इम्तियाज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे. बगहा एसपी राजेश कुमार और एसडीपीओ निहार भूषण ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.

पुलिस ने तीन-चार लोगों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस वाहन पर हमला करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस वाहन पर हमला और जवानों के साथ कथित धक्का-मुक्की के मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं पप्पू अंसारी ने कट सिकरी स्थित घर पर अपना दावा किया है. पुलिस जमीन और घर से जुड़े दावे के साथ पूरे विवाद के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: जहां पढ़ना चाहिए, वहीं पानी के लिए तरस रहे बच्चे, अकौना स्कूल की बदहाल तस्वीर

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन