वीटीआर में बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने तेज किया तलाशी अभियान, पिंजरा, ट्रैप कैमरे और ड्रोन की ली जा रही मदद
मचान-पिंजरे के साथ ड्रोन और कैमरों से तलाश जारी
पश्चिम चंपारण के वीटीआर में बाघ का आतंक जारी है. किसान की जान लेने वाला बाघ अभी भी वन विभाग की पकड़ से बाहर है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है. जानें ताजा अपडेट.
पश्चिम चंपारण: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के भेड़िहारी जंगल से निकलकर किसान रामसागर राम की जान लेने वाला बाघ अब भी वन विभाग की पकड़ से बाहर है. इलाके में बाघ की मौजूदगी से जंगल से सटे गांवों में दहशत बनी हुई है. हालात ऐसे हैं कि शाम ढलते ही ग्रामीण अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं दिन में भी खेतों में काम करने और मवेशियों को चराने जाने में लोगों को हमले का डर सता रहा है.
बाघ को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है:
- घटनास्थल के आसपास विशेष मचान और पिंजरा लगाया गया है, तथा बाघ को आकर्षित करने के लिए पिंजरे में छोटे पशु को चारे के रूप में रखा गया है.
- बाघ के संभावित ठिकानों पर आधुनिक ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, वहीं आसमान से ड्रोन के जरिए भी उसकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है.
- ट्रेंकुलाइजर गन से लैस वनकर्मियों की विशेष टीमें इलाके में लगातार सघन गश्त कर रही हैं.
पगमार्क मिलते ही सक्रिय हो जाती हैं टीमें, पर ठिकाना बदल रहा बाघ
तलाशी अभियान के दौरान वन विभाग की टीमों को कई जगहों पर बाघ के ताजा पगमार्क मिले हैं. पदचिह्न मिलने पर वनकर्मी तत्काल संबंधित इलाके में पहुंचकर घेराबंदी और निगरानी बढ़ाते हैं, लेकिन तब तक बाघ अपना ठिकाना बदल लेता है. बाघ की इस तेज आवाजाही के कारण उसे पकड़ने में वनकर्मियों को काफी चुनौती आ रही है. वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें दिन-रात इस रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं.
मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र से गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है. लोगों को अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर नहीं निकलने तथा जंगल व खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सख्त सलाह दी जा रही है. गौरतलब है कि बीते 24 नवंबर को खेत में काम कर रहे किसान रामसागर राम पर झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया था, जिससे गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से ही वन विभाग बाघ को सुरक्षित पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए