पंडई-हड़बोड़ा नदी हादसा: दो बच्चों के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी, ग्रामीणों ने SDRF की कार्यशैली पर उठाए सवाल

Updated:
विज्ञापन
नदी से निकलते प्रियंका का शव | Prabhat Khabar Network

नदी से निकलते प्रियंका का शव

पश्चिम चंपारण के पंडई और हड़बोड़ा नदी में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव बरामद हो गए हैं. इस हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है. वहीं, तीसरे बच्चे की तलाश जारी है.

विज्ञापन

Narkatiaganj SDRF Search Operation: पश्चिम चंपारण के पंडई और हड़बोड़ा नदी में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव बरामद हो गए हैं. शनिवार को सोफवा गांव निवासी सुल्तान और धूमनगर गदियानी टोला की 12 वर्षीय प्रियंका कुमारी का शव मिला. वहीं खैरवा टोला निवासी रेहान अंसारी की तलाश अब भी जारी है.

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. दोनों गांवों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रियंका का शव मिलते ही गांव में मचा कोहराम

धूमनगर गदियानी टोला निवासी प्रियंका कुमारी का शव स्थानीय गोताखोर मनौवर आलम और ग्रामीण युवकों ने नदी से बाहर निकाला. शव मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई. माता-पिता और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान SDRF की टीम भी नदी में सर्च ऑपरेशन कर रही थी, लेकिन शव तक नहीं पहुंच सकी.

स्थानीय गोताखोरों की ग्रामीणों ने की सराहना

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दूसरे दिन भी SDRF की टीम को सफलता नहीं मिली. इसके बाद स्थानीय गोताखोर मनौवर आलम और गांव के युवकों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की और कुछ ही देर में प्रियंका का शव बरामद कर लिया.

कुछ ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि शुरुआत से ही स्थानीय गोताखोरों के अनुभव का बेहतर उपयोग किया जाता, तो शव मिलने में कम समय लगता. यह आरोप स्थानीय लोगों के हैं.

दो दिन बाद मिला सुल्तान का शव

शनिवार सुबह साठी थाना क्षेत्र के नवमी चौक के पास पंडई नदी में सोफवा गांव निवासी मोजम्मिल देवन के पुत्र सुल्तान का शव उतराता मिला. परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की.

सुल्तान चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था. पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां समशा खातून पिछले दो दिनों से बेटे के सकुशल मिलने की दुआ कर रही थीं. शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया.

अब भी रेहान अंसारी की तलाश जारी

शिकारपुर थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि सुल्तान और प्रियंका के शव बरामद हो चुके हैं. अब खैरवा टोला निवासी जुल्फिकार अंसारी के पुत्र रेहान अंसारी की तलाश जारी है.

प्रशासन और SDRF की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.

राहत अभियान को लेकर उठे सवाल

इस हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि आधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षित टीम के बावजूद समय पर सफलता नहीं मिली, जबकि स्थानीय गोताखोरों ने सीमित संसाधनों में शव बरामद कर दिया.

हालांकि प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन जारी रखने की बात कही गई है. तीसरे बच्चे की तलाश के लिए SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीम नदी में अभियान चला रही है.


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन