साठी में बेटी की शादी के लिए जुटाए थे गहने-नकदी, घर में घुसी महिला ने कर दिया हाथ साफ

Updated:
विज्ञापन

बेतिया के साठी मूसहरवा गांव में बेटी की शादी के लिए रखे गहने और करीब एक लाख रुपये चोरी का मामला सामने आया. ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. चोरी के गहने नरकटियागंज के स्वर्ण व्यवसायी को देने का आरोप है.

विज्ञापन

West Champaran news: साठी थाना क्षेत्र की पुरराहा पंचायत के मूसहरवा गांव के वार्ड नंबर-4 में बुधवार को चोरी की घटना से हड़कंप मच गया. किशोर यादव, पिता चोकट यादव के घर में उनकी बेटी की शादी के लिए वर्षों से जुटाकर रखे गए गहने और करीब एक लाख रुपये नकद चोरी हो गये. आरोप है कि एक महिला घर में घुसकर ट्रंक से जेवर और रुपये निकालकर भागने लगी. इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे महिला कथित तौर पर किशोर यादव के घर में घुसी. घर के कमरे में रखे ट्रंक को खोलकर उसमें रखे शादी के गहने और करीब एक लाख रुपये निकाल लिये. इसके बाद वह सामान लेकर बाहर निकली और भागने लगी. महिला पर ग्रामीणों की नजर पड़ गयी. इसके बाद लोगों ने उसका पीछा किया और मूसहरवा चौक के पास उसे पकड़ लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

महिला को पकड़ कर लाया गया गृहस्वामी के घर

ग्रामीण महिला को पकड़कर वापस किशोर यादव के घर ले गये. वहां पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर चोरी करने की बात स्वीकार की. आरोप है कि उसने चोरी किये गये गहने और रुपये किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिये थे. उक्त व्यक्ति बाइक से सामान लेकर मौके से फरार हो गया.

नरकटियागंज के सर्राफा कारोबारी भी फंसे, जांच

पुरराहा पंचायत के मुखिया प्रभात बैठा ने बताया कि पकड़ी गयी महिला पेशेवर चोरी की आरोपी बतायी जा रही है. पुलिस की पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि चोरी किये गये गहने नरकटियागंज के एक स्वर्ण व्यवसायी के यहां दिये गये हैं. इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्वर्ण व्यवसायी को भी थाने पर बुलाया है.

पुलिस कर रही महिला से पूछताछ

ग्रामीणों की सूचना पर साठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. साथ ही चोरी के सामान को बरामद करने और महिला के साथ शामिल बताए जा रहे दूसरे व्यक्ति की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. पकड़ी गयी महिला खैरपोखरा, बिशुनपुरवा, थाना सेमरा की रहने वाली बतायी जा रही है.

शादी की खुशियों पर चोरी ने फेरा पानी

परिवार ने बेटी की शादी के लिए लंबे समय से एक-एक कर गहने और नकदी जुटाकर घर में रखे थे. शादी से पहले इन सामानों की चोरी होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं.फिलहाल साठी पुलिस महिला से पूछताछ के साथ चोरी के गहनों और नकदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन