पश्चिम चंपारण के 18 प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों की शुरुआत, अब सरकारी स्कूलों में मिलेगी आधुनिक शिक्षा

नौतन में शुभारंभ करते डीएम तरनजोत सिंह व अन्य
पश्चिम चंपारण के 18 प्रखंडों में 551 सरस्वती विद्या निकेतन सह आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया गया है. इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. यह सरकारी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
Bettiah Model School: पश्चिम चंपारण के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. जिले के 18 प्रखंडों में चयनित सरस्वती विद्या निकेतन सह आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया गया. सभी विद्यालयों में वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ, जबकि स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में समारोह आयोजित किए गए.
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, कंप्यूटर शिक्षा, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
आधुनिक शिक्षा की ओर बड़ा कदम
नरकटियागंज, नौतन, मैनाटांड़, चनपटिया, लौरिया, योगापट्टी, सिकटा और बेतिया समेत जिले के सभी चयनित विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुई.
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता के अंतर को कम करना और सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है.
नरकटियागंज में विधायक बोले- शिक्षा का नया दौर शुरू
रेलवे प्रवेशिका प्लस टू विद्यालय, नरकटियागंज में आयोजित समारोह में विधायक संजय पांडेय ने कहा कि बिहार में 551 आदर्श विद्यालयों की शुरुआत गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल है.
उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल बच्चों की प्रतिभा को निखारेगा और राज्य के भविष्य को मजबूत बनाएगा.
नगर परिषद सभापति रीना देवी ने कहा कि मॉडल विद्यालय ग्रामीण और शहरी विद्यार्थियों के बीच शिक्षा के अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे.
नौतन में डीएम ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
नौतन स्थित राजकीय कमल साह माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बीईओ रेयाज अहमद ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की. अधिकारियों ने कहा कि 64 वर्षों से संचालित इस विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किए जाने से आसपास के ग्रामीण छात्रों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा.
मैनाटांड़ में प्रतियोगी परीक्षाओं पर रहेगा विशेष फोकस
मैनाटांड़ हाई स्कूल प्लस टू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, बीडीओ दीपक राम और उप प्रमुख खुर्शीद आलम ने संयुक्त रूप से मॉडल विद्यालय का शुभारंभ किया.
बीडीओ दीपक राम ने कहा कि यहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का भी अवसर मिलेगा.
चनपटिया के छात्रों को मिलेगी निजी स्कूल जैसी सुविधा
युगल प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय, चनपटिया में बीडीओ प्रणव कुमार गिरी, बीईओ लोकेश कुमार झा और प्रधान शिक्षक रविरंजन कुमार ने विद्यालय का शुभारंभ किया.
बीईओ ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों की तर्ज पर स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर शिक्षा और आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
लौरिया में फीता काटकर हुआ शुभारंभ
लौरिया के जवाहिरपुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया गया. उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने फीता काटकर किया.
समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
बेतिया में महापौर ने दिया प्रेरक संदेश
बेतिया के शेखौना स्थित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम महापौर गरिमा देवी सिकारिया मुख्य अतिथि रहीं.
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उत्तम शिक्षा और श्रेष्ठ संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं. उन्होंने छात्रों से ईमानदारी, अनुशासन और समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की.
प्रधानाध्यापिका ऋतु झा ने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया अवसर मिलेगा.
छात्रों को मिलेंगी नई सुविधाएं
सरस्वती विद्या निकेतन सह आदर्श विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं:
- स्मार्ट क्लासरूम
- कंप्यूटर शिक्षा
- आईसीटी लैब
- विज्ञान प्रयोगशाला
- समृद्ध पुस्तकालय
- डिजिटल शिक्षण व्यवस्था
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की विशेष सुविधा
इन विद्यालयों के शुरू होने से पश्चिम चंपारण के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में नई शुरुआत मानी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










