पांच दिनों से बिजली संकट, ट्रांसफार्मर के पास टायर जलाकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
प्रदर्शन करते ग्रामीण विद्युत उपभोक्ता
पश्चिमी चंपारण के योगापट्टी में पांच दिनों से ट्रांसफार्मर जला होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है. भीषण गर्मी में परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. बिजली विभाग पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं.
West Champaran News: योगापट्टी प्रखंड की चौमुखा पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित खलवा टोला बड़हरवा गांव में पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर जला होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है. भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को ट्रांसफार्मर के समीप मुख्य सड़क पर टायर जलाकर घंटों प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने जल्द नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की.
आपके शहर में
Yogapatti News: पांच दिनों से बिजली संकट से परेशान 500 लोग
ग्रामीण मिथलेश राम, कमल राम, शंभू यादव, हरदेव मांझी, बैद्यनाथ राम, विकास राम, रामाकांत यादव, ललन चौधरी, अमिरका यादव और मनमोहन यादव ने बताया कि गांव की करीब 500 आबादी पिछले पांच दिनों से बिजली संकट झेल रही है.
ग्रामीणों के अनुसार बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भीषण गर्मी में काफी परेशानी हो रही है. वहीं बिजली के अभाव में घरेलू कामकाज के साथ खेती के पटवन पर भी असर पड़ रहा है.
ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 20 हजार मांगने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई के स्टाफ पर नया ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि कथित तौर पर उन्हें यह बताया गया कि राशि देने के करीब दो घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा.
ग्रामीणों ने इस आरोप की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.
नए कनेक्शन के नाम पर दो हजार रुपये मांगने का भी आरोप
ग्रामीणों ने नए बिजली कनेक्शन देने के नाम पर दो हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर विभागीय स्तर पर उचित समाधान नहीं मिलने से परेशानी बढ़ती जा रही है.
ग्रामीणों ने जेई से फोन पर बात करने के प्रयास के दौरान कथित रूप से धमकी दिए जाने की बात भी कही है.
बाढ़ के बीच बिजली नहीं रहने से बढ़ा खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति के कारण घरों में कीड़े-मकोड़े और अन्य जीव-जंतुओं के आने का खतरा बना हुआ है. बिजली नहीं रहने से रात के समय लोगों में डर का माहौल है.
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि गांव की आबादी और घरेलू जरूरतों को देखते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करना जरूरी है.
ग्रामीणों ने आरोपों की निष्पक्ष जांच के साथ बिजली विभाग से स्थायी समाधान की भी मांग की है.
यह भी पढ़ें: तीन बार जेल गया, फिर भी चोरी नहीं छोड़ी, मधुबनीघाट में पुलिस ने बजरंग को दबोचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए