अब पैक्स में ही किसानों को मिलेंगी बैंकिंग समेत कई सुविधाएं, बैंक मित्र से जोड़ने की तैयारी तेज
पैक्सों का निरीक्षण करते अधिकारीगण
पश्चिम चंपारण में पैक्सों को सशक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. अब पैक्स बैंक मित्र से जुड़ेंगे, जिससे किसानों को एक ही जगह बैंकिंग, खाद-बीज और फसल का उचित मूल्य जैसी सुविधाएं मिलेंगी. यह पहल किसानों के लिए एक बड़ा कदम साबित होगी.
West Champaran News: सहकारिता विभाग ने पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है. इसके तहत पंचायतों में संचालित सभी पैक्सों को बैंक मित्र से जोड़ने और किसानों को एक ही जगह कई सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू की गयी है. इसी क्रम में शनिवार को अधिकारियों की टीम ने झखरा और दक्षिण तेल्हुआ पंचायत में संचालित पैक्सों का निरीक्षण किया.
आपके शहर में

अधिकारियों ने पैक्सों का किया निरीक्षण
पटना मुख्यालय से पहुंचे संयुक्त निबंधक पदाधिकारी बाबू रजा, जिला सहकारिता पदाधिकारी संजय सिन्हा और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रियाज अहमद ने पैक्सों का निरीक्षण किया. इस दौरान पैक्स के कामकाज और दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली गयी.
पैक्स सदस्यों का जुटाया जा रहा डाटा
संयुक्त निबंधक पदाधिकारी ने बताया कि पैक्स में चयनित सभी सदस्यों का डाटा कलेक्ट किया जा रहा है. इसमें सदस्यों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, बैंक पासबुक, पैन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं. सभी पैक्सों के कागजात को दुरुस्त करने की प्रक्रिया चल रही है.
बैंक मित्र से जुड़ेंगे सभी पैक्स
अधिकारियों ने बताया कि पंचायतों में संचालित पैक्सों को सशक्त बनाने और बैंकिंग सेवा से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गयी है. इसके तहत जल्द ही सभी पैक्सों को बैंक मित्र से जोड़ने की तैयारी है. इससे पैक्स स्तर पर किसानों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
किसानों को फसल का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद
पैक्सों को मजबूत करने का उद्देश्य किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना भी है. अधिकारियों के अनुसार, पैक्स के माध्यम से किसानों की फसलों की उचित मूल्य पर खरीदारी और उन्हें उचित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
दस्तावेज अपडेट करने का निर्देश
संयुक्त निबंधक ने पैक्स से संबंधित सभी कागजात और दस्तावेजों को जल्द अपडेट करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पैक्सों को बैंक मित्र से जोड़ने के लिए दस्तावेजों का दुरुस्त होना जरूरी है. अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और पैक्स प्रबंधकों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा.
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान को-ऑपरेटिव बैंक बेतिया के प्रबंध निदेशक मिथलेश कुमार, एआरसीएस सुरेंद्र अमरनाथ, पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, जैनुल्लाह अंसारी सहित पैक्स के प्रबंधक और सदस्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: डुमरी का पुल चार साल से जर्जर, गुड़ कारोबारियों की बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए