नरकटियागंज में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी, जांच के लिए जब्त की गईं संदिग्ध दवाएं

दुकान में जांच करते अधिकारी
नरकटियागंज की पुरानी बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई में बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाएं जब्त की गईं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा. शिकायत के आधार पर हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया है.
Narkatiaganj News: नगर के पुरानी बाजार स्थित प्रसाद मेडिकल हॉल में सोमवार को ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाएं जब्त की गईं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.
हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दवाएं नकली हैं या नहीं, इसका पता लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा.
शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई
ड्रग इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम अचानक मेडिकल स्टोर पहुंची. कार्रवाई के दौरान शिकारपुर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही.
टीम ने दुकान संचालक छोटेलाल प्रसाद को बाहर कर पूरे परिसर की गहन जांच की और बड़ी संख्या में दवाएं जब्त कर लीं. जब्त दवाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए.
बाजार में मचा हड़कंप
छापेमारी की सूचना मिलते ही पुरानी बाजार के अन्य दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया.
स्थिति को देखते हुए कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं. कार्रवाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
ड्रग इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई है.
उन्होंने कहा कि दुकान से भारी मात्रा में दवाएं जब्त की गई हैं, लेकिन लैब जांच पूरी होने से पहले इन्हें नकली कहना उचित नहीं होगा. दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को भी भेजा जाएगा.
पुलिस भी रही मौजूद
इस कार्रवाई में शिकारपुर थाना के एसआई संजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे. फिलहाल दवाओं की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










