30 साल देश की सेवा के बाद गांव लौटे लेफ्टिनेंट जयप्रकाश, स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
बेतिया के सिंगाछापर निवासी लेफ्टिनेंट जयप्रकाश शुक्ला 30 वर्षों की सैन्य सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होने के बाद गांव लौटे. बेतिया स्टेशन पर परिवार और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया.
बेतिया न्यूज: 30 वर्षों तक वर्दी पहनकर देश की सेवा करने के बाद जब लेफ्टिनेंट जयप्रकाश शुक्ला बुधवार को अपने गांव लौटे, तो बेतिया रेलवे स्टेशन पर स्वागत के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. सिंगाछापर वार्ड संख्या-33 निवासी जगदेव शुक्ला के पुत्र जयप्रकाश शुक्ला के स्टेशन पहुंचते ही परिवार, समाज और ग्रामीणों ने फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया. लंबे समय बाद अपने बीच लौटे गांव के लाल के सम्मान में स्टेशन परिसर देशभक्ति के जज्बे से भर गया.
आपके शहर में
1996 में पहनी थी सेना की वर्दी, 30 साल बाद सम्मान के साथ लौटे
जयप्रकाश शुक्ला ने 30 अगस्त 1996 को थल सेना में योगदान दिया था. करीब तीन दशक तक सैन्य सेवा देने के बाद लेफ्टिनेंट पद से सेवानिवृत्त होकर वह अपने गांव लौटे हैं. स्वागत के दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति निष्ठा और समर्पण का भाव उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. ग्रामीणों और समाज के लोगों से मिले सम्मान को उन्होंने भावुक कर देने वाला पल बताया.
अब गांव के युवाओं को सेना के लिए करेंगे प्रेरित
सेवानिवृत्ति के बाद भी राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को लेकर जयप्रकाश शुक्ला उत्साहित दिखे. उन्होंने कहा कि अब गांव में रहकर युवाओं को सेना और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेंगे. युवाओं को उचित मार्गदर्शन देने के साथ समाज और गांव के हित में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का प्रयास करेंगे.
स्वागत में उमड़े लोग, जय हिंद से गूंजा परिसर
स्वागत करने वालों में पत्नी प्रतिमा देवी, पुत्र राज शुक्ला, राकेश मिश्रा, शैलेश मिश्रा, संजीत मिश्रा, निलेश द्विवेदी, भूषण शुक्ला, वार्ड पार्षद संदीप राय, जयमुनि शुक्ला, अनिल शुक्ला, संतोष शुक्ला, लक्की मिश्रा, ब्यूटी शुक्ला, पूर्व सैनिक विजय सिंह, आरटी मिश्रा, विनोद मिश्रा, शोभा शुक्ला, निधि कुमारी, कृष्ण शुक्ला, पंडित ओमप्रकाश तिवारी, ममता सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए