VTR से भटके तेंदुए का गांव में आतंक, सरेह में महिला पर किया हमला, रेस्क्यू के लिए लगा पिंजरा
बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी | Prabhat Khabar Network
बगहा के पटेसरा गांव में सोमवार सुबह सरेह में तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया. महिला घायल हो गयी. वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर इलाज कराया और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाकर गश्त बढ़ा दी है.
बगहा न्यूज: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से भटके एक तेंदुए ने नौरंगिया थाना क्षेत्र के पटेसरा गांव के सरेह में सोमवार सुबह महिला पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में 22 वर्षीय सविता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग गया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम पहुंची और घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में भर्ती कराया.
आपके शहर में
सरेह में काम के दौरान तेंदुए ने किया हमला
घायल महिला की पहचान पटेसरा गांव निवासी उपेंद्र राम की पत्नी सविता कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि सविता सुबह किसी काम से गांव से सटे सरेह की ओर गयी थीं. इसी दौरान वहां मौजूद तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया.
हमले में महिला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आयी हैं. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों की आवाजाही बढ़ते ही तेंदुआ वहां से भाग गया.
वनकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद वनरक्षी विकास कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया. चिकित्सक डॉ. रामप्रवेश भारती ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार चोटों के बावजूद महिला की स्थिति खतरे से बाहर है और इलाज जारी है.
गांव में दहशत, खेत जाने से डर रहे ग्रामीण
तेंदुए के हमले की खबर फैलते ही पटेसरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों में सरेह और खेतों की ओर जाने को लेकर डर है. लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है.
पिंजरा लगाया, बढ़ायी गयी गश्त
मदनपुर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया. तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गयी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए घटनास्थल के आसपास पिंजरा लगाया गया है. वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है.
ग्रामीणों को अकेले सरेह जाने से बचने की सलाह
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले सरेह या जंगल क्षेत्र की ओर न जाएं. तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे घेरने या उकसाने की कोशिश नहीं करें. विभाग ने किसी भी तरह की सूचना तत्काल वनकर्मियों को देने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें:
अंतिम सोमवारी पर बेतिया के शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़, जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए