बाढ़ अलर्ट के बीच बगहा पहुंचे सीएम सम्राट, गंडक और सीमावर्ती इलाकों का लिया जायजा
गंडक बराज का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
नेपाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वाल्मीकिनगर पहुंचकर गंडक बराज का जायजा लिया. उन्होंने नदी के जलस्तर और सीमावर्ती इलाकों में संभावित खतरों को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
Bihar Flood Alert: नेपाल में भीषण आपदा और बाढ़ की स्थिति के बाद गंडक नदी में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को वाल्मीकिनगर पहुंचे. उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज का निरीक्षण कर विभिन्न फाटकों की स्थिति और नदी के जलस्तर का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से नेपाल में बाढ़ के प्रभाव तथा सीमावर्ती इलाकों में उत्पन्न हो सकने वाले संभावित खतरे की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे.
आपके शहर में
गंडक बराज के फाटकों का सीएम ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वाल्मीकिनगर पहुंचकर गंडक बराज का निरीक्षण किया. उन्होंने बराज के विभिन्न फाटकों की स्थिति को देखा और गंडक नदी में पानी के बढ़ने-घटने की स्थिति की जानकारी ली.
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बराज की मौजूदा स्थिति और नदी में पानी के प्रवाह से जुड़ी जानकारी दी. नेपाल में बाढ़ के कारण आने वाले पानी और उसके संभावित प्रभाव को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गयी.
नेपाल की बाढ़ के प्रभाव पर ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नेपाल में आयी बाढ़ के कारण गंडक नदी में पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी ली. सीमावर्ती क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली चुनौतियों को लेकर भी अधिकारियों से फीडबैक लिया गया.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नदी के जलस्तर में किसी भी तरह का बदलाव होने पर स्थिति के अनुसार तत्काल कदम उठाये जाने चाहिए.
निचले इलाकों की सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. प्रशासन की ओर से बाढ़ की आशंका को देखते हुए की गयी तैयारियों की भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी गयी.
अधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत और बचाव को लेकर उठाये गये कदमों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया.
अधिकारियों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश
मौके पर बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण समेत जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी. मुख्यमंत्री ने आपात परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया.
जलस्तर बढ़ा तो तत्काल उठायें आवश्यक कदम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश अथवा बाढ़ के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाये जाएं. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी संभावित खतरे को लेकर पहले से तैयारी रखने को कहा.
मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी के किसानों के लिए जरूरी खबर, 4093 फार्मर रजिस्ट्रेशन मामले अटके, बढ़ी परेशानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए