जब रक्षक ही बन गए भक्षक: रामनगर में नशे में धुत डायल 112 के दो पुलिसकर्मियों की खुली पोल, जांच में शराब की पुष्टि
बिहार में शराबबंदी कानून लागू कराने वाले पुलिसकर्मी खुद नशे में पकड़े गए. रामनगर थाने में तैनात दो पुलिसकर्मी सड़क पर हंगामा करते मिले. वीडियो वायरल होने पर बगहा एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को निलंबित कर दिया है.
Bagaha Police Suspension: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को लागू कराने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, जब वही नशे में धुत होकर सड़क पर तमाशा करने लगें, तो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है. ऐसा ही एक शर्मनाक मामला बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां डायल 112 आपातकालीन सेवा में पदस्थापित दो पुलिसकर्मियों को शराब के नशे में खुलेआम हंगामा और नौटंकी करते पाया गया. मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद बगहा एसपी राजेश कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
सड़क पर लड़खड़ाते और गिरते दिखे पुलिसकर्मी, स्थानीय लोगों ने बनाया वीडियो
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर थाने में डायल 112 पर तैनात पीटीसी एएसआई सुरेंद्र कुमार मुनमुन और हवलदार सुनील कुमार ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन कर रखा था. दोनों पुलिसकर्मी वर्दी और पद की मर्यादा भूलकर शहर की मुख्य सड़क पर बाइक से गिरते, लड़खड़ाते और बीच सड़क पर ड्रामा करते नजर आए. स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने कानून की धज्जियां उड़ते देख अपने मोबाइल कैमरों में इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया और आम लोगों ने इसे सीधे बगहा एसपी राजेश कुमार तक भी पहुंचा दिया.
एसडीपीओ के नेतृत्व में मेडिकल जांच, शराब पीने की हुई आधिकारिक पुष्टि
वीडियो सामने आने के बाद बगहा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी राजेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम को त्वरित जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया. एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर उनका विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया. मेडिकल रिपोर्ट में दोनों के शरीर में अल्कोहल की पुष्टि हो गई. एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने जांच रिपोर्ट और चिकित्सीय साक्ष्य संलग्न करते हुए अपनी रिपोर्ट बगहा एसपी को सौंपी.
निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू, महकमे में मचा हड़कंप
एसडीपीओ की आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त होते ही बगहा एसपी राजेश कुमार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एएसआई सुरेंद्र कुमार मुनमुन और हवलदार सुनील कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया. इसके साथ ही दोनों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिहार में एक दशक से पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में कानून के रखवालों द्वारा इस तरह का अशोभनीय और गैर-कानूनी कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसपी की इस कड़ी कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए