नेपाल में भोटेकोशी नदी का जलप्रवाह बढ़ा, इन जिलों में हाई अलर्ट, गंडक का जलस्तर 1.5 लाख क्यूसेक पार

Updated:
विज्ञापन

गंडक नदी का बढ़ रहा जलस्तर

नेपाल की भोटेकोशी नदी में अचानक बढ़े जल प्रवाह ने चिंता बढ़ा दी है, जिससे रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. इसका असर भारत-नेपाल सीमा पर बहने वाली गंडक नदी पर भी दिखने लगा है, जिसका जलस्तर 1.5 लाख क्यूसेक पार कर गया है.

विज्ञापन

Valmikinagar News: नेपाल में हालिया जल प्रलय के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य भी नहीं हुई थी कि भोटेकोशी नदी के बढ़ते जल प्रवाह ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. नदी में अचानक पानी बढ़ने और तेज गर्जना के बाद नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है. इसका असर भारत-नेपाल सीमा से होकर बहने वाली गंडक नदी पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

भोटेकोशी नदी के बढ़ते प्रवाह से नेपाल में हाई अलर्ट

भोटेकोशी नदी में अचानक जल प्रवाह बढ़ने के साथ धारा का वेग भी तेज हो गया है. स्थिति को देखते हुए नेपाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. नदी के निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है.

राहत और बचाव दलों को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने की अपील की गई है.

गंडक नदी का जलस्तर 1.5 लाख क्यूसेक के पार

नेपाल की नदियों में बढ़ते जल प्रवाह का असर गंडक नदी पर भी दिखाई देने लगा है. गंडक नदी का जलस्तर 1 लाख 50 हजार क्यूसेक के पार पहुंच गया है. इससे वाल्मीकिनगर समेत गंडक नदी के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है.

हालांकि, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है.

गंडक बराज के 36 गेट आंशिक रूप से खोले गए

जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए गंडक बराज के सभी 36 गेटों को आंशिक रूप से खोलकर पानी का डिस्चार्ज नियंत्रित किया जा रहा है. बराज के नियंत्रण कक्ष में अभियंताओं की टीम कैंप कर रही है.

नेपाल से आने वाले पानी और गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जल प्रवाह में अचानक बढ़ोतरी होने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाया जा सके.

भोटेकोशी का बढ़ा पानी गंडक बराज तक पहुंचने में लगेगा समय

गंडक बराज के कार्यपालक अभियंता इकबाल अनवर ने बताया कि नेपाल में हुई बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में आंशिक वृद्धि दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा कि भोटेकोशी नदी में बढ़ा जल प्रवाह गंडक बराज तक पहुंचने में अभी समय लेगा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारियां बढ़ा दी गई हैं.

निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने गंडक नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को नदी के आसपास जाने से बचने और जलस्तर में होने वाले बदलाव की जानकारी पर नजर रखने को कहा गया है.

अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: बेतिया के मझौलिया में किसान के बेटे सत्यप्रकाश ने नेट-जेआरएफ में मारी बाजी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन