ट्रेन में गर्भवती की हालत बिगड़ी, स्टेशन मास्टर ने तुरंत रुकवायी ट्रेन, अस्पताल में जन्मा स्वस्थ बेटा
हरिनगर रेलवे-स्टेशन पर स्टेशन मास्टर शिशिर राय व दम्पति
होशियारपुर से सीतामढ़ी लौट रहे एक दंपती की ट्रेन यात्रा उस समय यादगार बन गई जब गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. हरिनगर स्टेशन मास्टर शिशिर राय की तत्परता से ट्रेन रोकी गई और महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया.
Ramnagar News: रामनगर. होशियारपुर से सीतामढ़ी लौट रहे दंपती का रविवार का ट्रेन सफर उस समय यादगार बन गया, जब रास्ते में गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी. गोरखपुर से आगे ट्रेन बढ़ने के बाद महिला की हालत बिगड़ती देख यात्रियों ने रेलवे प्रशासन को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिनगर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर शिशिर राय ने तत्काल पहल की और ट्रेन को हरिनगर स्टेशन पर रुकवाकर महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करायी. समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से रामनगर सीएचसी में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया.
ट्रेन में अचानक शुरू हुई महिला को प्रसव पीड़ा
नगीना देवी (26) अपने पति सत्येंद्र पासवान के साथ होशियारपुर से सीतामढ़ी लौट रही थीं. दोनों वहां दैनिक मजदूरी का काम करते हैं. गोरखपुर से आगे बढ़ने के बाद हरिनगर स्टेशन पहुंचने से पहले नगीना देवी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. स्थिति बिगड़ने पर ट्रेन में मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन को दी.
हरिनगर स्टेशन पर ट्रेन रुकवाकर बुलायी गयी एंबुलेंस
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने बिना देर किये कार्रवाई शुरू की. स्टेशन मास्टर शिशिर राय ने ट्रेन को हरिनगर स्टेशन पर रुकवाया और महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करायी. रेलवे प्रशासन की तत्परता के कारण महिला को समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल सकी.
रामनगर सीएचसी में हुआ सुरक्षित प्रसव
हरिनगर स्टेशन से महिला को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने महिला का सुरक्षित प्रसव कराया. नगीना देवी ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति ठीक बतायी गयी.
निर्धारित समय पूरा होने पर शुरू हुई प्रसव पीड़ा
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि महिला का प्रसव का निर्धारित समय पूरा हो चुका था. इसी वजह से अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई. समय रहते अस्पताल पहुंच जाने के कारण चिकित्सकों ने सुरक्षित प्रसव कराया और मां व बच्चे दोनों की स्थिति सामान्य रही.
स्टेशन मास्टर की तत्परता की लोगों ने की सराहना
बच्चे के जन्म की खबर मिलते ही महिला के परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गयी. वहीं, हरिनगर रेलवे स्टेशन पर समय रहते ट्रेन रुकवाने और महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने को लेकर स्टेशन मास्टर शिशिर राय की लोगों ने सराहना की. रेलवे प्रशासन की मानवीय पहल के कारण महिला को समय पर इलाज मिल सका.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी के परसौनी में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, कार की डिक्की से 236 बोतल नेपाली शराब बरामद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए