बेगूसराय के लाल शहीद मनीष कुमार को नम आंखों से दी गई विदाई, बछवाड़ा में छात्र-छात्राओं ने रखा दो मिनट का मौन

Updated:
विज्ञापन

श्रद्धांजलि सभा के दौरान छात्र-छात्राएं | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के सपूत, बीएसएफ जवान मनीष कुमार को उनकी शहादत पर भावुक श्रद्धांजलि दी गई. छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया. नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई.

विज्ञापन

BSF Martyr Manish Kumar Begusarai : बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के शहीद भगत सिंह पुस्तकालय गोधना के परिसर में छात्र-छात्राओं और पुस्तकालय प्रबंध समिति की ओर से एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान देश सेवा के पथ पर वीरगति को प्राप्त हुए बेगूसराय के लाल बीएसएफ जवान मनीष कुमार को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की गई. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

इसके साथ ही, पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई भीषण प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के कारण हजारों नागरिकों की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया गया.

सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति और बाढ़ में लापता लोगों की सकुशल घर वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

वीर जवान का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्रभक्ति की देगा प्रेरणा

शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पुस्तकालय समिति के अध्यक्ष राजन कुमार, उपाध्यक्ष बादल कुमार और सचिव चौधरी शुभम ने संयुक्त रूप से कहा कि बेगूसराय के रतनपुर निवासी मनीष कुमार ने सीमा पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है.

उनका यह अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान सदैव युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा. वक्ताओं ने कहा कि वे माता-पिता धन्य हैं जिन्होंने मनीष जैसे वीर सपूत को जन्म दिया, जिसने कर्तव्य पथ पर अडिग रहकर मातृभूमि की रक्षा में हंसते-हंसते जीवन समर्पित कर दिया.

समिति के पदाधिकारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने का धैर्य और संबल प्रदान करें.

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा पर जताई गहरी चिंता

इसके साथ ही, पुस्तकालय के छात्र-छात्राओं ने नेपाल में आई जल-प्रलय पर गहरी चिंता व्यक्त की. पदाधिकारियों ने कहा कि यह भीषण आपदा अत्यंत हृदयविदारक है.

उन्होंने नेपाल सरकार से मांग की कि संकट की इस घड़ी में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जाएं, लापता नागरिकों को शीघ्र सकुशल उनके परिजनों से मिलाया जाए और पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवजा व पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए.

Also Read : 'पापा ठीक हैं, हमसे बहुत प्यार करते हैं', BSF जवान की मासूम बेटी के वीडियो ने सबको रुलाया

'भारत माता की जय' और 'अमर रहें' के नारों से गूंज उठा परिसर

शोक सभा के अंत में परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा. उपस्थित विद्यार्थियों ने शहीद मनीष कुमार अमर रहें, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाकर वीर जवान के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की.

छात्राओं व अध्येताओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

इस श्रद्धांजलि सभा में छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से स्मिता, अंजली, अमन, रोहन, प्रीति सहित दर्जनों अध्येता शामिल थे. सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन