बेगूसराय समाहरणालय पर उग्र प्रदर्शन, असामाजिक तत्वों ने की पत्थरबाजी, एसडीओ और कई मीडियाकर्मी चोटिल

समाहरणालय गेट प्रदर्शन करते छात्र और सुरक्षा कार्य में लगे पुलिस बलकैंटीन चौक पर नारेबाजी करते छात्र | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में समाहरणालय पर उग्र प्रदर्शन हुआ। इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा की गई पत्थरबाजी में सदर एसडीओ और कई मीडियाकर्मी चोटिल हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया।
Begusarai News: बेगूसराय में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एआईएसएफ, आइसा एवं ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस घटना में सदर एसडीओ अश्विनी कुमार (हाथ में पत्थर लगने से) और कई मीडियाकर्मी चोटिल हो गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा.
बैरिकेडिंग तोड़ अंदर घुसने का प्रयास, पुलिस ने कई को हिरासत में लिया
यह प्रदर्शन जीडी कॉलेज से एआईएसएफ जिला सचिव सत्यम भारद्वाज एवं एआईवाईएफ जिला सचिव धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में निकाला गया था. प्रदर्शनकारी समाहरणालय चौक पर पहुंचे और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए चौक के आसपास लगे पोस्टर-बैनर क्षतिग्रस्त कर दिए. छात्रों ने समाहरणालय के मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया. पुलिस द्वारा रोके जाने पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उपद्रव कर रहे आधा दर्जन से अधिक आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया.
मौके पर पहुंचे एसपी मनीष, पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील
घटना की सूचना मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए एसपी मनीष और डीएम श्रीकांत शास्त्री स्वयं मौके पर पहुंचे. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे कैंटीन चौक और समाहरणालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ वज्र वाहन और ड्रैगन वाहन तैनात किए गए. प्रदर्शन के कारण घंटों यातायात बाधित रहा, जिससे आम राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र की हत्या के समान है. देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा के बाजारीकरण की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें. एआईएसएफ जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार, राज्य सह सचिव राकेश कुमार, आइसा जिलाध्यक्ष सोनू फर्नाज और राज्य उपाध्यक्ष अजय कुमार ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने की मांग की. प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र डीएम को सौंपा.
उपद्रवियों की हो रही पहचान, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में: एसपी
मामले में एसपी मनीष ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कई बार शांतिपूर्वक समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आधे दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. समाहरणालय पूरी तरह सुरक्षित है और पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है. प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










