बेगूसराय में महिला से अभद्रता का वीडियो वायरल, नौला पुलिस पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार निलंबित

सांकेतिक तस्वीर
नौला पुलिस पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार को एक पीड़ित महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए थे.
Naula Police Picket Incharge Suspended Begusarai : बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र स्थित नौला पुलिस पिकेट के प्रभारी अखिलेश कुमार को एक पीड़ित महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी मनीष कुमार ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई.
Begusarai News : वायरल वीडियो के बाद एसपी ने लिया संज्ञान
पुलिस कार्यालय बेगूसराय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 जुलाई को नौला पुलिस पिकेट प्रभारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में पिकेट प्रभारी पर एक पीड़ित महिला के साथ अभद्र भाषा और अनुचित व्यवहार करने का आरोप सामने आया था.
डीएसपी जांच में सही पाए गए आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार ने सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति को जांच का जिम्मा सौंपा. जांच प्रतिवेदन में एएसआई सह पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार को पीड़ित महिला के साथ बदतमीजी और अपशब्दों के प्रयोग का दोषी पाया गया. इसके बाद एसपी ने विधि-व्यवस्था और लोकहित को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
पहले भी विवादों में रही है नौला पुलिस पिकेट
स्थानीय लोगों के अनुसार नौला पुलिस पिकेट पहले भी विभिन्न कारणों से चर्चा में रही है. उद्घाटन के बाद यहां अब तक चार पुलिस अधिकारियों को पिकेट प्रभारी बनाया गया. इनमें एक का तबादला हुआ, एक सेवानिवृत्त हुए, जबकि दो अधिकारियों पर कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है.
पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार पर सरकार का जोर
राज्य सरकार लगातार पुलिसकर्मियों को पीड़ितों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश देती रही है. सरकार का कहना है कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शिष्ट व्यवहार किया जाए, उनकी शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










