शादी की आस में 2100 KM दूर से बेगूसराय आया था समीर, प्रेमिका से मुलाकात के बाद रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिला शव
मृतक समीर का फाइल फोटो
प्यार को शादी का नाम देने 2100 KM दूर से बेगूसराय आया समीर. प्रेमिका के परिवार ने शादी से इनकार किया तो रेलवे ट्रैक पर मिला उसका क्षत-विक्षत शव. परिजनों ने जताई हत्या की आशंका.
Begusarai Sameer Death : कर्नाटक में काम कर रहा एक युवक अपने प्यार को नाम देने के लिए 2100 KM दूर से बेगूसराय आया. युवक को उम्मीद थी कि इस बार उसका रिश्ता शादी के बंधन में बंध जाएगा. पिछले तीन-चार साल से जिस रिश्ते को वह संजोए हुए था, उसे अब निकाह का नाम मिलने वाला था. लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी खुशियों को नजर लग जाएगी.
जानकारी के अनुसार, 10 तारीख को युवती के परिवार ने शादी की बात करने के लिए फोन कर उसे बुलाया था. लेकिन रमजानपुर पहुंचने के बाद कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया गया. इसके कुछ ही घंटे बाद युवक घर नहीं लौटा और देर रात रेलवे ट्रैक के पास उसका क्षत-विक्षत शव मिला. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था समीर
मृतक की पहचान लाखो थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी मोहम्मद मतीन के 28 वर्षीय पुत्र मोहम्मद समीर के रूप में हुई है. समीर कर्नाटक में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था. वह शादीशुदा था और उसकी पत्नी खुशबू खातून के अलावा एक मासूम बेटी भी है.
तीन महीने पहले हुई थी रिश्ते की जानकारी
परिजनों के अनुसार, समीर का पास के रमजानपुर गांव निवासी रब्बान मोहम्मद की बेटी के साथ पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिवार को इस रिश्ते की जानकारी करीब तीन महीने पहले हुई थी. इसके बाद से ही घर में समीर के इस रिश्ते को लेकर चर्चा होने लगी थी.
समीर के पिता मोहम्मद मतीन और भाई मोहम्मद जसीम ने बताया कि हाल के दिनों में प्रेमिका के परिवार की ओर से समीर को फोन किया गया था. उसे कहा गया था कि 10 तारीख को घर आ जाओ, तुम दोनों का निकाह करवा देंगे. परिजनों के मुताबिक, शादी की बात सुनकर समीर काफी खुश था.
निकाह की उम्मीद में कर्नाटक से लौटा था
समीर कर्नाटक में काम कर रहा था और निकाह की उम्मीद में करीब पांच-छह दिन पहले ही बेगूसराय स्थित अपने घर लौटा था. तय बात के अनुसार वह रमजानपुर पहुंचा. उसे उम्मीद थी कि प्रेमिका और उसके परिवार के साथ शादी को लेकर बातचीत होगी और निकाह की तारीख तय हो जाएगी.
लेकिन परिजनों का आरोप है कि रमजानपुर पहुंचने के बाद स्थिति बदल गयी. उनके मुताबिक, प्रेमिका और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया. जिस रिश्ते को मुकाम तक पहुंचाने की उम्मीद लेकर समीर कर्नाटक से घर आया था, कथित तौर पर उसी रिश्ते से इनकार ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया.
शादी से इनकार के बाद घर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, शादी से इनकार के बाद समीर वहां से निकल गया, लेकिन घर वापस नहीं पहुंचा. काफी देर तक उसके लौटने का इंतजार करने के बाद परिवार के लोग परेशान हो गए. इसके बाद रातभर उसकी तलाश की जाती रही.
इसी बीच रमजानपुर के समीप रेलवे ट्रैक के पास समीर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. परिजनों का कहना है कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. जिस जगह उसका शव मिला, वह प्रेमिका के घर के आसपास का इलाका बताया जा रहा है.
पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
समीर की मौत के बाद कोठिया स्थित उसके घर में मातम पसरा है. पत्नी खुशबू खातून और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक ओर पत्नी ने अपना पति खो दिया, वहीं मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया.
प्रेमिका के परिवार पर परिजनों ने लगाया आरोप
समीर के परिजनों का आरोप है कि निकाह का भरोसा देकर उसे बुलाया गया था और रमजानपुर पहुंचने के बाद शादी से इनकार कर दिया गया. उनका कहना है कि इसी वजह से समीर मानसिक रूप से टूट गया और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
हालांकि, समीर ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या का कदम उठाया और इस पूरे घटनाक्रम में प्रेमिका एवं उसके परिवार की वास्तविक भूमिका क्या है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए