बरौनी थर्मल के पास एनएच-31 की बदहाल सड़क बनी हादसों का कारण, बारिश में बढ़ी राहगीरों की मुश्किलें

Author Bipin kumar raj|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Begusarai News : बरौनी थर्मल के पास NH-31 की वन-वे लेन बारिश के मौसम में जानलेवा साबित हो रही है. सैकड़ों गड्ढे और उखड़ी पिच राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं. शक्र चौक के पास सड़क की हालत सबसे खराब है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.

विज्ञापन

Begusarai News : बरौनी थर्मल के समीप एनएच-31 की वन-वे लेन की सड़क बारिश के मौसम में राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. करीब 500 मीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों से सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है. बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बारिश के पानी से ढके गड्ढे बन रहे दुर्घटना की वजह

लगातार बारिश के कारण सड़क पर बने बड़े गड्ढों में पानी भर गया है. इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का पता नहीं चल पाता. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है. आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं.

शक्र चौक के पास सबसे अधिक परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार शक्र चौक स्थित मंदिर के समीप सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब है. यहां बड़े गड्ढों में छोटे-बड़े वाहन अक्सर फंस जाते हैं. मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से गुजरने वाले लोग हमेशा दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं.

हजारों लोगों की आवाजाही, एनटीपीसी कर्मी भी परेशान

यह सड़क आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं. एनटीपीसी और बरौनी औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी भी सुबह-शाम इसी सड़क से गुजरते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है.

ओवरलोड वाहनों से समय से पहले जर्जर हुई सड़क

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात से पहले सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई. वहीं इस मार्ग से प्रतिदिन छाई लदे ओवरलोड भारी वाहनों का परिचालन होने से सड़क समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई. लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़क की हालत और खराब होती जा रही है.

जल्द मरम्मत की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने सड़क की गुणवत्ता की भी जांच कराने और ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है.

Also Read : गंगा जी के रास्ते सिमरिया घाट पहुंचा 1668 मीट्रिक टन का मेगा कार्गो, बरौनी रिफाइनरी विस्तार परियोजना को मिलेगी रफ्तार



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन