बेगूसराय के बलिया में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे गन्ना मंत्री संजय पासवान, सामुदायिक किचन का किया निरीक्षण
बाढ़ पीड़ित के बीच
बलिया के दियारा इलाके में गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. गन्ना मंत्री संजय पासवान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की.
Community Kitchen: बलिया प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाके में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. हालांकि सोमवार को नदी का जलस्तर स्थिर रहने की जानकारी दी गयी. इसी बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने बखरी विधायक व गन्ना मंत्री संजय पासवान बलिया पहुंचे. उन्होंने सनहा-गोरगामा बांध के शादीपुर ढाला स्थित सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ितों से सुविधाओं की जानकारी ली.
सामुदायिक किचन में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता जांची
मंत्री संजय पासवान ने सामुदायिक किचन में तैयार किये जा रहे भोजन को देखा. उन्होंने वहां मौजूद बाढ़ पीड़ितों से भोजन की गुणवत्ता, समय पर खाना मिलने और अन्य सुविधाओं के बारे में सीधे बातचीत की. इसके बाद मंत्री एनडीआरएफ की टीम, सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के साथ दियारा क्षेत्र के शादीपुर, सैदपुर, नौरंगा और नगरगामा सहित अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे.
इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.
मंत्री बोले- परेशानी हो तो अधिकारियों से करें संपर्क
मंत्री संजय पासवान ने बाढ़ प्रभावित लोगों से कहा कि आपदा की इस घड़ी में धैर्य बनाये रखें. सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर स्थानीय एसडीओ, सीओ और बीडीओ से संपर्क कर अपनी समस्या बताएं, ताकि उसका समाधान कराया जा सके.
मंत्री के दौरे के दौरान एसडीओ सह आईएएस अजय यादव, डीएसपी सुबोध कुमार, बीडीओ संतोष कुमार, सीओ आकाश कुमार और थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मौजूद रहे. मौके पर लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विभूति भूषण, एससी-एसटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत कुमार पासवान, युवा जिलाध्यक्ष अजय टाइगर, जिला उपाध्यक्ष गोविंद पासवान, प्रखंड अध्यक्ष सच्चिदानंद पासवान, लोजपा नेता भोला पासवान, रूपनारायण पासवान, दिलीप पासवान, राजेश पासवान समेत पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
बाढ़ प्रभावित पंचायतों में 52 नावों का परिचालन
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के आवागमन को आसान बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से 52 नावों का परिचालन कराया जा रहा है. प्रशासन के अनुसार ताजपुर में 14, भवानंदपुर में 7, भगतपुर में 2, पहाड़पुर में 8 और परमानंदपुर में 21 नावें चलायी जा रही हैं.
इन नावों के जरिए बाढ़ के पानी से प्रभावित गांवों में लोगों के आवागमन और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है.
52 जगहों पर चल रही सामुदायिक रसोई
बाढ़ प्रभावित पंचायतों के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए 52 जगहों पर सामुदायिक रसोई शुरू की गयी है. सीओ आकाश कुमार के अनुसार रविवार को सामुदायिक रसोई के लिए राशन का उठाव कराया गया था और सोमवार से सभी चिन्हित स्थानों पर खाना तैयार किया जा रहा है.
इसके अलावा बाढ़ प्रभावित 2560 लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण भी कराया गया है, ताकि बारिश और बाढ़ के बीच उन्हें अस्थायी तौर पर राहत मिल सके.
एसडीओ ने सामुदायिक रसोई में खाया खाना
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सनहा-गोरगामा बांध पर संचालित सामुदायिक रसोई का सोमवार को एसडीओ सह आईएएस अधिकारी अजय यादव ने निरीक्षण किया. उन्होंने स्वयं भोजन कर खाने का स्वाद चखा. भोजन की गुणवत्ता पर उन्होंने संतुष्टि जताते हुए व्यवस्था को ठीकठाक बताया.
इस दौरान थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार और मुखिया शिवनंदन कुमार ने भी सामुदायिक रसोई में भोजन किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए