सावन में मंदार की तराई में उमड़ी आस्था, अष्टकमल मंदिर में विष्णु-लक्ष्मी की पूजा
मंदार पर्वत स्थित अष्टकमल मंदिर | Prabhat Khabar Network
सावन के पावन महीने में मंदार स्थित अष्टकमल और मधुसूदन मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बांका : सावन के पावन माह में विश्व प्रसिद्ध मंदार पर्वत की तराई स्थित पापहारिणी सरोवर में अवस्थित अष्टकमल मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भक्तों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
आपके शहर में
मधुसूदन मंदिर में भी विशेष पूजा
मंदार स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. मंदिर का पट अहले सुबह पांच बजे खोल दिया गया. इसके बाद भक्तों के दर्शन और पूजा का सिलसिला शुरू हो गया. सुबह साढ़े सात बजे भगवान की आरती और विशेष पूजा की गई.
मंदिर के पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान मधुसूदन की नित्य क्रियाएं संपन्न कराईं. पुजारियों के अनुसार 31 अक्टूबर तक भगवान की विशेष दिनचर्या विधिवत जारी रहेगी.
पंचामृत स्नान से लेकर विशेष भोग तक
प्रतिदिन भगवान का पंचामृत से स्नान कराया जाएगा और चंदन का लेपन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी. दोपहर 12 बजे भगवान को चावल, दाल, सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा.
संध्या साढ़े छह बजे भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलेगा. रात में पूड़ी, दूध, चीनी, काजू, किशमिश, पेड़ा सहित अन्य मिष्ठानों का भोग लगाया जाएगा. रात साढ़े आठ बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जाएगा.
शहर के मंदिरों में भी हुई विशेष पूजा
शहर के भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर, जगतपुर स्थित ठाकुरबाड़ी सहित अन्य मंदिरों में भी सुबह विशेष पूजा-अर्चना की गई. श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के पट सुबह पांच बजे ही खोल दिए गए.
मंदार स्थित अष्टकमल मंदिर में सुबह साढ़े सात बजे भगवान का पंचामृत से स्नान कराया गया. दोपहर में भोग अर्पित किया गया, जबकि शाम में श्रृंगार पूजा और भव्य आरती का आयोजन हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए