रील बनाने के दौरान छत से गिरी नौवीं की छात्रा, गंभीर रूप से घायल
फोटो- जख्मी छात्रा इलाजरत | Prabhat Khabar Network
मोबाइल पर रील बनाना एक स्कूली छात्रा पर भारी पड़ गया. कैथा गांव में छत से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना ने फिर से रील बनाने के दौरान लापरवाही को उजागर किया है.
बांका, शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के कैथा गांव में मंगलवार की शाम मोबाइल से रील बनाने के दौरान एक स्कूली छात्रा असंतुलित होकर छत से नीचे गिर गई. हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ देर के लिए अचेत हो गई. परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. घायल छात्रा की पहचान कैथा गांव निवासी दिलीप कुमार की 15 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है.
आपके शहर में
छत पर मोबाइल लेकर बना रही थी रील
परिजनों के अनुसार, खुशी कुमारी नौवीं कक्षा की छात्रा है. मंगलवार की शाम वह अपने घर की छत पर मोबाइल लेकर टहलते हुए रील बना रही थी. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जमीन पर जा गिरी. छात्रा के गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे के बाद हो गई थी अचेत
आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे. तब तक खुशी अचेत हो चुकी थी. परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज लेकर पहुंचे. अस्पताल प्रभारी डॉ. अजय कुमार शर्मा ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया.
रील बनाने के दौरान पहले भी हो चुके हैं हादसे
मोबाइल से रील बनाने के दौरान सुरक्षा की अनदेखी का यह पहला मामला नहीं है. क्षेत्र में ऊंचाई और खतरनाक स्थानों पर रील बनाने के दौरान हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं. करीब एक वर्ष पूर्व श्यामपुर डाका में एक युवक चुटिया पहाड़ पर रील बनाने के दौरान नीचे गिर गया था. हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी.
सुरक्षा की अनदेखी पड़ सकती है भारी
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बावजूद किशोर और युवा रील बनाने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं. ऊंची छत, पहाड़, सड़क या अन्य जोखिम वाले स्थानों पर मोबाइल से वीडियो बनाने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. विशेषज्ञों की ओर से भी ऐसे स्थानों पर रील बनाने से बचने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए