कलश शोभायात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

Updated:
विज्ञापन

नगर पंचायत क्षेत्र के झपनियां गांव में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला.

विज्ञापन

बौंसी. नगर पंचायत क्षेत्र के झपनियां गांव में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. पूरे गांव में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिली. कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र पापहारिनी सरोवर से जल भरकर की गयी. यहां से सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा में शामिल हुईं और गांव की परिक्रमा की. शोभायात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भजन-कीर्तन और भगवान के जयघोष से पूरा गांव गूंज उठा. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान की महिमा का गुणगान करते नजर आये. इस धार्मिक यात्रा में व्यवसायिक कल्याण समिति बौंसी के अध्यक्ष राजू सिंह सक्रिय रूप से मौजूद थे. इस धार्मिक आयोजन का विधिवत उद्घाटन कटोरिया विधायक पूरन लाल टूडू ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों को मजबूत करते हैं तथा लोगों को धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं. कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक गोपाल ओझा ‘भाई जी’ महाराज के द्वारा किया जा रहा है. वे अपने मधुर वाणी और आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत की महिमा, भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और भक्ति के महत्व का रसपान करा रहे हैं. कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म और भक्ति की गूढ़ बातों को सुन रहे हैं. आयोजन के तहत प्रतिदिन दो सत्रों में कथा का आयोजन किया जा रहा है. पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दूसरा सत्र शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलता है, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष ब्रह्मदेव मांझी, सचिव रामप्रसाद यादव और कोषाध्यक्ष पंकज कुमार मांझी के नेतृत्व में ग्रामीणों की पूरी टीम सक्रिय है. वहीं उमेश परैया, परशुराम परैया, मोहन मुरमुर, लाल बाबा, सहदेव परैया सहित पूरे गांव के लोग तन-मन से इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. सात दिनों तक चलने वाली इस श्रीमद्भागवत कथा को लेकर झपनियां गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन