ईद मिलादुन्नबी पर शंभुगंज में निकला जुलूस, अमन और भाईचारे का दिया संदेश
फोटो- पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की जयंती पर निकाली गईं जुलूस | Prabhat Khabar Network
पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन, ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शंभुगंज प्रखंड में भव्य धार्मिक आयोजन हुए. विभिन्न गांवों से निकले जुलूसों में अमन और भाईचारे का संदेश दिया गया. मस्जिदों और घरों को खूबसूरती से सजाया गया था.
शंभुगंज. पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बुधवार को धार्मिक आयोजन किए गए. खपड़ा, जोगनी, चुटिया, बेलारी, कसबा, कमरडीह सहित अन्य जगहों पर लोगों ने जुलूस निकाला. जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने सादगी के साथ भाग लिया.
आपके शहर में
नारों से गूंजता रहा इलाका
जुलूस के दौरान धार्मिक नारों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा. लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया. वहीं घरों और मस्जिदों में मिलाद शरीफ, कुरआन खानी और फातिहा का आयोजन किया गया.
मस्जिदों और घरों को सजाया गया
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मस्जिदों को फूलों और झालरों से सजाया गया. कई घरों की छतों पर इस्लामी हरे झंडे लगाए गए. कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुई. इसके बाद लोगों ने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया.
उलेमाओं ने नबी की शिक्षाओं पर चलने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान उलेमाओं ने कहा कि हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पूरी दुनिया के लिए रहमत हैं. उनकी जिंदगी सभी लोगों के लिए आदर्श है. उन्होंने लोगों से पैगंबर साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
ईद मिलादुन्नबी के आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. थानाध्यक्ष मो. आसिफ अख्तर के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में तैनात रहा और जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर मौलाना मो. नूर, आलम अशरफी, मो. जावेद, मौलाना मो. तहसीन, मो. नौशाद अली, प्रो. रिजवान, नसर इमाम, गालीब रजा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए