बीमार युवक को ट्रेन में बनाया निशाना, मधुपुर स्टेशन पर उतारकर 20 हजार समेत सामान ले उड़े उच्चके

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल पहुंचा पीड़ित युवक | Prabhat Khabar Network

कोलकाता से घर लौट रहा एक युवक चलती ट्रेन में लूट का शिकार हो गया. तेज बुखार और कमजोरी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसे मधुपुर स्टेशन पर उतारकर करीब 20 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिए.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) : कोलकाता से ट्रेन के जरिये घर लौट रहा कटोरिया प्रखंड का एक युवक कथित रूप से उच्चका गिरोह का शिकार हो गया. तेज बुखार और कमजोरी से परेशान युवक की हालत का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसे जसीडीह स्टेशन की बजाय मधुपुर स्टेशन पर उतार दिया और उसके पास रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल, कपड़े समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये. घटना के बाद युवक मधुपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बेसुध हालत में पड़ा मिला.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर नहीं पहुंचा तो परिजन पहुंचे मधुपुर

युवक के तय समय पर घर नहीं पहुंचने से परिजन परेशान हो गये. उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की और जानकारी मिलने पर मधुपुर स्टेशन पहुंचे. वहां प्लेटफॉर्म पर युवक को बेसुध अवस्था में पाया गया.

इसके बाद परिजन उसे किसी तरह कटोरिया लेकर पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने युवक का प्राथमिक उपचार किया.

कोलकाता में करता था काम

पीड़ित युवक की पहचान कटोरिया प्रखंड के बड़वासिनी पंचायत अंतर्गत भेलबेहड़ी गांव निवासी अर्जुन यादव के 30 वर्षीय पुत्र मिथलेश यादव के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार मिथलेश कोलकाता में रहकर काम करता था. पिछले कुछ दिनों से वह तेज बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित था. तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर वह ट्रेन से घर लौट रहा था.

बीमारी और कमजोरी का उठाया फायदा

परिजनों का आरोप है कि यात्रा के दौरान कथित उच्चकों ने उसकी बीमारी और कमजोरी का फायदा उठाया. उसे जसीडीह की जगह मधुपुर स्टेशन पर उतारने के बाद उसके पास मौजूद रुपये, मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान लेकर फरार हो गये.

घटना के बाद युवक के परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल है. वहीं इस घटना ने ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा और सफर के दौरान कमजोर यात्रियों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.

पढ़िए शनिवार को बांका मंडी का भाव



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन