श्रावणी मेला से पहले कटोरिया में अग्निशमन विभाग अलर्ट, होटल-धर्मशालाओं का फायर ऑडिट, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

दुकानदार को निर्देश देते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर, अग्निशमन विभाग ने कटोरिया और कांवरिया पथ क्षेत्र में होटल, धर्मशालाओं और सेवा शिविरों का फायर ऑडिट किया है. अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Shravani Mela 2026: 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है. गुरुवार को कटोरिया और कांवरिया पथ क्षेत्र में होटल, धर्मशाला, सेवा शिविर, टेंट सिटी, अस्पताल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर फायर ऑडिट किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही संचालकों को आपदा से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करने का निर्देश दिया गया.
होटल, धर्मशाला और सेवा शिविरों का हुआ निरीक्षण
कटोरिया में बांका अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी नागेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में विभागीय टीम ने श्रावणी मेला क्षेत्र के होटल, अस्पताल, शोरूम, धर्मशाला, सेवा शिविर, टेंट सिटी और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई तथा संचालकों को लिखित रूप से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
फायर ऑडिट कर दिए गए आवश्यक निर्देश
अधिकारियों ने कांवरिया पथ स्थित धर्मशालाओं, सेवा शिविरों और दुकानों का फायर ऑडिट किया. निरीक्षण के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. साथ ही बड़े शिविरों और धर्मशालाओं में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, डाउन कवर और पर्याप्त जल भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
टेंट सिटी के लिए विशेष सुरक्षा मानक तय
टेंट सिटी निर्माण कर रही एजेंसी को केवल फायर प्रूफ कपड़े का उपयोग करने, मानक के अनुरूप विद्युत वायरिंग कराने, सभी विद्युत जोड़ सुरक्षित तरीके से टेपिंग करने तथा जेनरेटर और विद्युत पैनल को टेंट से बाहर स्थापित करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने कहा कि इन मानकों का पालन मेला अवधि में किसी भी दुर्घटना से बचाव के लिए जरूरी है.
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विभाग का उद्देश्य मेला क्षेत्र में आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना
Shravani Mela 2026: अग्निशमन विभाग ने आम लोगों, कांवरियों और शिविर संचालकों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 101, 112 अथवा कटोरिया अग्निशमन विभाग के सरकारी मोबाइल नंबर 7485805898 और 7485805899 पर सूचना देने की अपील की है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके.इस अभियान में सहायक अनुमंडलीय अग्निशमन पदाधिकारी मनीष कुमार यादव, अग्निक संतोष कुमार, वीरेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










