बांका की शिक्षिका खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, पीएम मोदी से मुलाकात और राष्ट्रपति सम्मान का गौरव

Updated:
विज्ञापन

आमंत्रण पत्र दिखाती शिक्षिका खुशबू कुमारी. | Prabhat Khabar Network

बांका की प्रधानाध्यापिका खुशबू कुमारी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 प्राप्त करने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुकी हैं. वे पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होंगी.

विज्ञापन

कटोरिया प्रखंड के राधानगर बाजार निवासी एवं उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह, बांका की प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 ग्रहण करने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुकी हैं. शिक्षा विभाग ने उनके और परिवार के सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था द अशोक होटल में की है. दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान प्राप्त करने का अवसर उनकी उपलब्धि को और खास बना रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

दिल्ली पहुंचते ही शुरू हुआ गौरवपूर्ण कार्यक्रम

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने के बाद खुशबू कुमारी का दिल्ली प्रवास बेहद खास बना हुआ है. शिक्षा विभाग की ओर से उन्हें विशेष किट बैग भी प्रदान किया गया है. इसमें कलम, डायरी, पेन ड्राइव, आई-कार्ड, मिल्टन वाटर बोतल समेत अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है. परिवार के साथ दिल्ली पहुंचीं शिक्षिका के लिए यह सम्मान का सफर जीवनभर याद रहने वाला बन गया है.

आज पीएम मोदी से मुलाकात, रात में शिक्षा मंत्री के साथ डिनर

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह से एक दिन पूर्व 4 सितंबर शुक्रवार को शिक्षिका खुशबू कुमारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात करने का अवसर मिलेगा. दोपहर में प्रस्तावित यह मुलाकात उनके लिए बेहद खास और यादगार होने वाली है. वहीं शुक्रवार की रात द अशोक होटल में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ डिनर कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.

5 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित होगा. इसी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देशभर से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करेंगी. इसी क्रम में बांका जिले की शिक्षिका खुशबू कुमारी को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा. उन्हें राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करने के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र भी मिल चुका है.

बोलीं- यह पल जीवन भर नहीं भूल पाएंगे

प्रभात-खबर से बातचीत में खुशबू कुमारी ने दिल्ली में हुए अपने व्यस्ततम कार्यक्रम को गौरव, सम्मान और अविस्मरणीय क्षण बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होना और राष्ट्रपति के कर-कमलों से सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात को उन्होंने जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक बताया.

उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों और परिवार को

खुशबू कुमारी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों, परिवारजनों एवं शुभचिंतकों को दिया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया और विश्वास बनाए रखा. उन्होंने कहा कि आज उनका मन गर्व, कृतज्ञता और खुशी से अभिभूत है. बांका की इस उपलब्धि से पूरे जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है.

ये भी पढ़ें : बांका के एकमात्र शिक्षक उमाकांत कुमार को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान-2026

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन