अंतिम सोमवारी को लेकर कांवरिया पथ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बोल-बम के जयघोष से शिवमय हुआ कटोरिया
अबरखा की चढ़ाई पार करते कांवरिये | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी को लेकर कांवरिया पथ पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बोल-बम के जयघोष से पूरा कटोरिया क्षेत्र शिवमय हो गया है।
कटोरिया (बांका) : श्रावणी मेला की अंतिम और चौथी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण को लेकर अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम तक पूरा कांवरिया मार्ग आस्था, भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया है. रविवार को कटोरिया क्षेत्र से गुजरने वाले कांवरियों की संख्या और रफ्तार दोनों में तेजी देखी गई. अंतिम सोमवारी पर जलार्पण का संकल्प पूरा करने के लिए शिवभक्त कम विश्राम कर लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ते रहे.
आपके शहर में
कांवरिया वाहनों की बढ़ी संख्या, कई जगह लगा जाम
सुल्तानगंज-देवघर वाया कटोरिया मार्ग पर रविवार को कांवरिया वाहनों की संख्या में भी अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई. कटोरिया बाजार, जमुआ मोड़ स्थित दरभाषण नदी पुल और दर्दमारा बॉर्डर के समीप कई बार जाम की स्थिति बनी. हालांकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मुस्तैद रही. डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार भी प्रशासनिक व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
जलार्पण की उत्सुकता ने थकान पर पाया जीत
सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर नंगे पांव बाबाधाम की ओर बढ़ रहे कांवरियों के चेहरों पर यात्रा की थकान जरूर नजर आ रही थी, लेकिन बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और अंतिम सोमवारी पर जलार्पण की उत्सुकता उनके कदमों को लगातार आगे बढ़ाती रही.
रास्ते में संचालित विभिन्न नि:शुल्क सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत, भोजन, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था की गई है. स्वयंसेवक भी सेवा भाव के साथ कांवरियों की सहायता में जुटे रहे.
केसरिया रंग में रंगा कांवरिया पथ
अंतिम सोमवारी को लेकर कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है. केसरिया वस्त्रों में सजे शिवभक्त, कंधों पर आकर्षक कांवर और चारों ओर गूंजता बोल-बम का जयघोष पूरे मार्ग को भक्तिमय बना रहा है. कांवरियों की बढ़ती भीड़ और शिवभक्ति के उत्साह से कटोरिया समेत पूरा कांवरिया क्षेत्र शिवमय नजर आ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए