शॉर्ट सर्किट से जला बिजली केबल, गोवाचक गांव में 4 दिन से अंधेरा; पानी के लिए भी परेशान ग्रामीण
ट्रांसफार्मर के पास विरोध करते हुए ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बांका जिले के गोवाचक गांव में चार दिनों से बिजली गुल है. शॉर्ट सर्किट से बिजली केबल जल जाने के कारण आपूर्ति बाधित है. पेयजल की समस्या और रोजमर्रा के काम प्रभावित होने से ग्रामीण परेशान हैं.
बांका जिले के बेलहर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया पंचायत के गोवाचक वार्ड संख्या 6 में शॉर्ट सर्किट से बिजली केबल जलने के कारण पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है. बिजली नहीं रहने से पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को लिखित और मौखिक रूप से सूचना देने के बावजूद अब तक केबल नहीं बदला गया है.
बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की.
चार दिन से बिजली बंद, घरेलू कामकाज प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. मोटर नहीं चलने के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है. इसके अलावा इन्वर्टर और मोबाइल चार्ज करने में भी परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली मिस्त्री और विभागीय अधिकारियों को सूचना देकर केबल बदलने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की गयी, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ.
ट्रांसफार्मर की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने उठाये सवाल
ग्रामीणों के मुताबिक गांव का ट्रांसफार्मर आबादी से काफी दूर नदी किनारे स्कूल के पास लगाया गया है. उनका आरोप है कि ट्रांसफार्मर में बिजली लाइन काटने की व्यवस्था खराब है और एमसीबी बोर्ड भी जला हुआ है.
ग्रामीणों का दावा है कि बिजली मिस्त्री द्वारा डायरेक्ट लाइन चालू रखे जाने के कारण 440 वोल्ट का शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे बिजली का केबल जल गया. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
बिजली समस्या को लेकर मुखिया प्रतिनिधि प्रणय कुमार, वार्ड सदस्य कौशल किशोर पांडेय समेत नीरज पांडेय, मुकेश पांडेय, गौतम यादव, रतन सिंह, मिथिलेश यादव, विमलेश यादव, शंकर यादव, कृष्णदेव पांडेय, नीरज यादव, सुनील पांडेय, अमन पांडेय, गौतम पांडेय, विजय पांडेय, बमबम ठाकुर, जगदेव ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया.
ग्रामीणों ने डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की.
आज शाम तक बिजली बहाल करने का दावा
इस संबंध में बिजली विभाग के कनीय अभियंता विकास रंजन ने बताया कि केबल जलने की शिकायत मिलने के बाद विभाग से केबल की मांग की गयी है. उन्होंने कहा कि आज शाम तक बिजली आपूर्ति ठीक कर बहाल कर दी जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए