बांका में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, ड्यूटी से लौटते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

Chain Snatching : सदर अस्पताल से घर लौट रही महिला चिकित्सक बनीं झपटमारों का निशाना. दिनदहाड़े हुई वारदात से शहर में दहशत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे अपराधियों की तलाश में जुटी.
बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट
Chain Snatching : बांका शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए. रविवार सुबह सदर अस्पताल में कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा कुमारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. घटना सदर थाना क्षेत्र के जगतपुर स्थित मुख्य सड़क के समीप एक गली में हुई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
ड्यूटी से लौटते वक्त बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार डॉ. पूजा कुमारी रविवार सुबह करीब 9 बजे सदर अस्पताल में अपनी ड्यूटी पूरी कर आवास लौट रही थीं. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके.
सूचना मिलते ही जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है.
थानाध्यक्ष बोले, जल्द होगी गिरफ्तारी
Chain Snatching : सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झपटमारों की पहचान की जा रही है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
घटना से सहमे चिकित्सक और शहरवासी
बताया जा रहा है कि छीनी गई सोने की चेन काफी कीमती थी. घटना के बाद डॉ. पूजा कुमारी मानसिक रूप से काफी आहत और डरी हुई हैं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और शहर में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










