बांका के मंदार पर्वत तराई में प्रशासन की बड़ी बैठक: पापहरिणी सरोवर में गंदा पानी फेंकने वाली दुकानों पर चलेगा चाबुक; अतिक्रमण हटाने का निर्देश
फोटो: दुकानों का जायजा लेते एसडीएम | Prabhat Khabar Network
मंदार पर्वत के धार्मिक स्थलों की व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन ने बड़ी बैठक की. पापहरिणी सरोवर में गंदा पानी फेंकने वाली दुकानों पर कार्रवाई होगी और अतिक्रमण हटाया जाएगा.
बांका, बौंसी. मंदार पर्वत की तराई स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर और आसपास के धार्मिक स्थलों की व्यवस्था बेहतर करने को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई. धार्मिक न्याय समिति के कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राजकुमार ने की. बैठक से पहले एसडीएम ने फीता काटकर नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया. समिति के सदस्य सह सामाजिक कार्यकर्ता देवाशीष उर्फ निप्पू को पांडे ने बताया कि बैठक में मंदार तराई में दुकान लगाने वाले दुकानदारों के किराये में बढ़ोतरी, बेहतर साफ-सफाई और पापहरिणी सरोवर परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
पापहरिणी सरोवर के भिंडा में दुकानों का लिया जायजा
बैठक के बाद एसडीएम ने पापहरिणी सरोवर के भिंडा में लगी दुकानों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. सरोवर परिसर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
सरोवर में जा रहा दुकानों का गंदा पानी
पवित्र पापहरिणी सरोवर में दुकानों से निकलने वाला इस्तेमाल किया हुआ और गंदा पानी जाने की शिकायत सामने आयी. स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने बताया कि सरोवर किनारे गोलगप्पा, चाट और ईख का रस बेचने वाले कुछ फुटपाथी दुकानदारों की ओर से फेंकी जा रही गंदगी और इस्तेमाल किया हुआ पानी सरोवर तक पहुंच रहा है.
लोगों का कहना है कि इससे सरोवर की स्वच्छता और पवित्रता प्रभावित हो रही है. शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ने ऐसे दुकानदारों को वहां से हटाने का निर्देश दिया.
हरियाली के लिए लगाए पौधों को हटाने पर भी हुई चर्चा
सरोवर परिसर को हरा-भरा रखने के उद्देश्य से दुकानदारों द्वारा पूर्व में लगाए गए पौधों को हटाने के निर्देश का मामला भी बैठक में सामने आया. इस संबंध में एसडीएम ने आवश्यक जानकारी ली और धार्मिक स्थल की समग्र व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाने की बात कही.
मंदार के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व के संरक्षण की मांग
भजन गायक रूपेश भारद्वाज ने एसडीएम के समक्ष मंदार के पौराणिक, ऐतिहासिक और अभिलेखीय महत्व से जुड़े विषय रखे. उन्होंने मंदार की धार्मिक पहचान और पौराणिक अस्तित्व को संरक्षित करने के लिए ठोस पहल करने की मांग की.
एसडीएम ने इस पर सहमति जताते हुए रूपेश भारद्वाज से कार्यालय में लिखित प्रस्ताव देने को कहा, ताकि संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल की जा सके.
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बैठक
एसडीएम राजकुमार ने कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई. मंदार तराई और धार्मिक स्थलों से जुड़े जरूरी मुद्दों पर चर्चा की गयी है. समस्याओं के समाधान और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
अधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद
बैठक में बीडीओ हर्ष पराशर, सीओ अलका आर्या, थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, नगर अध्यक्ष कोमल भारती, जदयू जिला प्रवक्ता, 20 सूत्री सदस्य सहित धार्मिक न्याय समिति के द्वारिका मिश्रा, शंकर सिंह, राजाराम अग्रवाल, स्थानीय दुकानदार जयवंत सिंह, सोनू भगत समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए