'डायन' बताकर महिला को जहर पिलाने का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; सात नामजद अब भी फरार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी

बांका के बंधुआकुरावा में डायन बताकर एक महिला को प्रताड़ित करने और जबरन जहर पिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं सात अन्य की तलाश जारी है.

विज्ञापन

बौसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Banka Crime News: बौसी (बांका) बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के कोदराडीह गांव में एक महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करने और जबरन जहर पिलाने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अन्य सात नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

डायन बताकर मारपीट और लूटपाट का आरोप

पीड़िता शोभा देवी, पति प्रदीप मंडल, ने 2 जुलाई को बंधुआकुरावा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 25 जून को गांव के अकलू उर्फ नकुल मंडल समेत आठ लोगों ने उन्हें डायन कहकर अपमानित किया. विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की तथा मोबाइल फोन, 1,500 रुपये नकद और गले की सिकड़ी छीन ली. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद गांव में लगातार उन्हें डायन बताकर बदनाम किया जाता रहा.

पंचायत के दौरान जहर पिलाने का आरोप

महिला ने बताया कि 28 जून को उनके पति के बाहर से लौटने के बाद मामले का विरोध करने पर आरोपियों ने पंचायत बुलाई. इस दौरान उन्हें, उनकी मां प्रतिमा देवी और पति के साथ मारपीट की गई. आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उन्हें और उनकी मां को जबरन जहर पिला दिया गया, जिससे दोनों बेहोश हो गईं.

गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों महिलाओं को रेफरल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सात की तलाश जारी

Banka Crime News: पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और डायन प्रताड़ना निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. बंधुआकुरावा थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य सात नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें : दिल्ली साइबर पुलिस की बांका में बड़ी कार्रवाई, एपीके फ्रॉड गिरोह का ठग कटोरिया से गिरफ्तार



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन