बांका में तेज रफ्तार बाइक खड़ी पिकअप से टकरायी, इलाज के दौरान युवक की मौत, दो घायल

Updated:
विज्ञापन
बांका में तेज रफ्तार बाइक खड़ी पिकअप से टकरायी, इलाज के दौरान युवक की मौत, दो घायल

Road Accident News : बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक मुख्य सड़क पर खड़ी पिकअप वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

विज्ञापन

फुल्लीडुमर (बांका) से सुधीर कुमार सिंह की रिपोर्ट

Banka News : फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र में खेसर-डलवा मोड़ के निकट गुरुवार देर रात यह सड़क दुर्घटना हुई. हादसे में फुल्लीडुमर गांव निवासी राज किशोर यादव के पुत्र पीयूष कुमार यादव (30), पड़ावचक गांव निवासी सहदी यादव के पुत्र कारू यादव (45) और शंभूगंज थाना क्षेत्र के कारंजा गांव निवासी स्वर्गीय दामोदर मंडल के पुत्र नवल मंडल (60) गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर पहुंचाया गया.

खड़ी पिकअप से टकरायी बाइक

जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति एक ही बाइक पर सवार होकर रामपुर की ओर से आ रहे थे. फुल्लीडुमर बाजार से आगे विद्युत सब स्टेशन के समीप मुख्य सड़क पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी में उनकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.

प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर

घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए रात में ही एंबुलेंस से भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों को गंभीर चोटें आई थीं और विशेष चिकित्सा की आवश्यकता थी.

इलाज के दौरान नवल मंडल की मौत

भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान नवल मंडल की मौत हो गई. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है. चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. हादसे के बाद दोनों परिवारों में चिंता और दुख का माहौल बना हुआ है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर फुल्लीडुमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई. थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक घायल की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों की निगरानी और यातायात सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन