युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार सृजन करने वाले उद्यमी बनें : विकास वैभव
कार्यक्रम का उद्घाटन करते आईजी व अन्य
Aurangabad News : औरंगाबाद इंजीनियरिंग कॉलेज में विकास वैभव ने युवाओं को स्टार्टअप और उद्यमिता के जरिए विकसित बिहार के निर्माण के लिए प्रेरित किया.
Aurangabad News : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, औरंगाबाद में आयोजित लेट्स इंसपायर बिहार-यूथ, स्टार्टअप एवं सोशल इम्पैक्ट कॉन्क्लेव में युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण का मंत्र दिया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी मगध रेंज एवं लेट्स इंसपायर बिहार के संरक्षक विकास वैभव ने कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले उद्यमी बनें. उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना ही व्यक्ति को असाधारण बनाती है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और कॉलेज के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की.
आपके शहर में
दीप प्रज्ज्वलित कर कॉन्क्लेव का किया गया उद्घाटन
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, औरंगाबाद के स्टार्टअप सेल की ओर से कॉलेज सभागार में आयोजित कॉन्क्लेव का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईजी विकास वैभव, प्राचार्य डॉ. प्रशांत मणि, स्टार्टअप सेल इंचार्ज प्रो. आनंद राज, कोऑर्डिनेटर आनंद कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार, सामाजिक उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना रहा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लिया.
संघर्ष और सफलता की कहानी से युवाओं को किया प्रेरित
अपने संबोधन में आईजी विकास वैभव ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने आईआईटी कानपुर तक की यात्रा तय की. इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और लगातार सीखते रहने की आदत सफलता की बुनियाद है.
प्रशासनिक सेवा का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना
विकास वैभव ने प्रशासनिक सेवा के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए पुलिस अधिकारी के रूप में किए गए विभिन्न नवाचारों और जनकल्याणकारी पहलों की चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा का वास्तविक उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवा सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में सार्थक प्रयासों के माध्यम से समाज में बदलाव लाया जा सकता है.
स्टार्टअप और नवाचार से विकसित बिहार का संकल्प
विकास वैभव ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. जरूरत इस बात की है कि युवा अपनी ऊर्जा और ज्ञान को सही दिशा में लगाएं. उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और सामाजिक उद्यमिता के माध्यम से युवा न केवल अपने लिए अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा सकते हैं. उन्होंने युवाओं से 'विकसित बिहार से विकसित भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक युवा अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार क्षमता का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में करेगा. विकास वैभव ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी.
तकनीकी शिक्षा में उद्यमिता जरूरी : प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. प्रशांत मणि ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता की भावना विकसित करना भी है. उन्होंने कहा कि गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, औरंगाबाद विद्यार्थियों को स्टार्टअप, अनुसंधान और उद्योगोन्मुखी शिक्षा के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहा है. उन्होंने कहा कि आईजी विकास वैभव के प्रेरणादायी विचार विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान करेंगे.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
स्टार्टअप सेल युवाओं को दे रहा मार्गदर्शन
स्टार्टअप सेल इंचार्ज प्रो. आनंद राज ने कहा कि बिहार में स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है और युवाओं के सामने नए अवसर उपलब्ध हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता को उद्यमिता से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कॉलेज का स्टार्टअप सेल युवाओं को विचार से लेकर स्टार्टअप की स्थापना और निवेश प्राप्त करने तक विभिन्न स्तरों पर मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
विद्यार्थियों ने करियर और स्टार्टअप से जुड़े सवाल पूछे
कॉन्क्लेव के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि से सीधे संवाद किया. उन्होंने करियर, यूपीएससी की तैयारी, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे. विकास वैभव ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, प्रतिभागियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. कॉन्क्लेव के माध्यम से युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए