औरंगाबाद: लोक संवाद में लोगों ने उठायी आवाज, कहा- चोरी रोकिए, सुरक्षा बढ़ाइए

Author Om Prakash|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
लोक संवाद में गूंजा चोरी का मुद्दा, पुलिस ने जल्द खुलासे का दिया भरोसा

लोक संवाद में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य. | Prabhat Khabar Network

दाउदनगर शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नागरिक चिंतित हैं. लोक संवाद कार्यक्रम में सुरक्षा और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग उठी. पुलिस अधिकारियों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है.

विज्ञापन

Aurangabad News : दाउदनगर शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर शनिवार को नगर परिषद सभागार में लोक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने की. थानाध्यक्ष विकास कुमार भी मौजूद रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना था.

चोरी की घटनाओं पर जताई नाराजगी, रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने हाल के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई. लोगों ने रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा हाल में दो परिवारों के घरों में हुई चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.

आईजी स्तर से हो रही है मामलों की निगरानी

पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी के मामलों की निगरानी सीधे आईजी स्तर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अनुसंधानकर्ता को बदल दिया गया है तथा जिन पहलुओं की पहले पर्याप्त जांच नहीं हो सकी थी, उन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द होगा खुलासा

इंस्पेक्टर ने मौलाबाग मोहल्ले में वेंटिलेटर के रास्ते घर में हुई चोरी का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास तेज कर दिया गया है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा.

जनता के सहयोग से अपराध पर लगेगा अंकुश

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. रात्रि गश्ती को और मजबूत किया जाएगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी तिवारी, जदयू नेता प्रीतम चंद्रवंशी, पप्पू गुप्ता, पूर्व मुख्य पार्षद धर्मेंद्र कुमार, वार्ड पार्षद जय गोविंद प्रसाद, एहसान अहमद, पार्षद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार, जहांगीर कुरैशी, बबलू गुप्ता, अमित कुमार, संतोष कुमार, अनवर फहीम, सुनील दुबे, नीरज पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजद नगर अध्यक्ष मुन्ना अजीज ने किया.

नवादा: 68 पंचायत सरकार भवन तैयार, 25 हजार से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइटें लगायी गयी: मंत्री दीपक प्रकाश


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन