ePaper

स्टेयरिंग फेल होने से बालू लदा हाइवा गड्ढे में गिरा

Updated at : 27 Feb 2026 5:24 PM (IST)
विज्ञापन
स्टेयरिंग फेल होने से बालू लदा हाइवा गड्ढे में गिरा

एनएच-139 पर बड़ा हादसा टला, चालक-सहचालक की बची जान

विज्ञापन

एनएच-139 पर बड़ा हादसा टला, चालक-सहचालक की बची जान प्रतिनिधि, ओबरा. औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर अरंडा के समीप शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. बालू लदा हाइवा ट्रक अचानक स्टेयरिंग फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे (चाट) में जा गिरा. संयोग अच्छा रहा कि इस दुर्घटना में चालक और सहचालक दोनों सुरक्षित बच गये. इस घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा ट्रक ओबरा से अरंडा की ओर जा रहा था. वाहन सामान्य गति से चल रहा था, तभी अचानक चालक को महसूस हुआ कि स्टेयरिंग काम नहीं कर रही है. चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे उतरकर किनारे स्थित गड्ढे में जा फंसा. ट्रक के गड्ढे में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और सहचालक को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक पलट जाता या सड़क के बीचों-बीच अनियंत्रित हो जाता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी और अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे. गनीमत रही कि वाहन गड्ढे में फंसकर रुक गया और पलटा नहीं. वैसे दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-139 पर आवागमन प्रभावित रहा. दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी थी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. ट्रक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्रक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. इधर, ग्रामीणों ने बालू लदे भारी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि आये दिन इस मार्ग से भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. यदि समय-समय पर वाहनों की फिटनेस जांच हो, तो इस तरह की घटनाओं से भविष्य में बचा जा सकता है.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन