औरंगाबाद में 12 सितंबर को गुरु सम्मान समारोह का आयोजन,14 उप समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
बैठक में शामिल विद्यालय संचालक
औरंगाबाद में 12 सितंबर को गुरु सम्मान समारोह का आयोजन होने वाला है. समिति के तरफ से इसकी तैयारियों के लिए बैठक की गई. बैठक में 14 उप समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई .
Aurangabad News : बिहार स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में 12 सितंबर को नगर भवन, औरंगाबाद में गुरु सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जायेगा. समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित संगठन के कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें जिला संगठन के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न प्रखंडों के निजी विद्यालय संचालक व संघ से जुड़े सदस्य शामिल हुए.
आपके शहर में

बैठक में समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गयी. आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियों को बांटते हुए 14 कार्य समितियों का गठन किया गया है. जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समारोह में जिले के अधिक से अधिक विद्यालय संचालकों और शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है.
कहा कि गुरु सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है. इसे सफल बनाने के लिए सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा. उन्होंने सभी पदाधिकारियों, समिति सदस्यों और विद्यालय संचालकों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की.
शिक्षा जगत की हस्तियों की रहेगी मौजूदगी
एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस समारोह में विधान परिषद के सभापति अवधेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षाविद् प्रो. के. सी. सिंह समेत संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की बात कही गयी है.
मुख्य संचालन समिति करेगी सभी समितियों में समन्वय
मुख्य संचालन एवं समन्वय समिति का गठन जिलाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय एवं जिला सचिव रिंकू कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया है. यह समिति सभी कार्य समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ उनके कार्यों की समय-समय पर समीक्षा करेगी. वहीं, जिला संरक्षक सत्येंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम, मंच संचालन, सजावट एवं तकनीकी व्यवस्था समिति बनायी गयी है. इसमें सत्यनारायण पांडेय, अरविंद कुमार एवं विनय कुमार को शामिल किया गया है. समिति मंच की व्यवस्था, कार्यक्रम के संचालन, साउंड, लाइट, बैनर समेत तकनीकी तैयारियों की जिम्मेदारी संभालेगी.

अतिथि संपर्क एवं आमंत्रण समिति की जिम्मेदारी शिवकेश कुमार एवं अखिलेश कुमार को दी गयी है. यह समिति मुख्य व विशिष्ट अतिथियों से संपर्क और उन्हें आमंत्रित करने के साथ कार्यक्रम स्थल तक उनके पहुंचने की व्यवस्था में सहयोग करेगी.
शिक्षकों के चयन से लेकर सम्मान सामग्री तक की व्यवस्था
शिक्षक सम्मान, चयन, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान सामग्री समिति में परवेज आलम, विजय कश्यप, धीरेंद्र दुबे, रवि कुमार एवं दिनेश ओझा को शामिल किया गया है. समिति सम्मानित किये जाने वाले शिक्षकों के चयन के साथ प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न व अन्य सम्मान सामग्री की व्यवस्था करेगी.
आर्थिक एवं कोष निगरानी समिति में शशि रंजन कुमार, अविनाश कुमार, बबलू कुमार, अरविंद कुमार, विजय कश्यप एवं परवेज आलम को जिम्मेदारी दी गयी है.

इसके अलावा प्रखंड समन्वय एवं सहभागिता समिति में परवेज आलम एवं विजय कश्यप समेत सदस्यों को जिम्मेदारी दी गयी है. समिति का दायित्व विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों और संचालकों की समारोह में सहभागिता सुनिश्चित करना होगा.
स्वागत से लेकर भोजन व सुरक्षा तक अलग-अलग टीमें
समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों एवं अतिथियों के पंजीकरण व स्वागत के लिए अलग समिति गठित की गयी है. इसमें कुणाल कुमार, बिट्टू कुमार एवं रवि कुमार को जिम्मेदारी दी गयी है. प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समन्वय समिति में विनय कुमार सिंह, विकास कुमार एवं संतोष कुमार सिंह को शामिल किया गया है.

वहीं, भोजन एवं अतिथि सत्कार समिति की जिम्मेदारी सुबोध वैद्य, अनिल पांडेय एवं गजेंद्र सिंह को दी गयी है. यातायात, वाहन व्यवस्था, अनुशासन, सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता समिति में अखिलेश कुमार, बिट्टू कुमार, कुणाल कुमार, जितेंद्र कुमार, शिवकेश कुमार एवं बबलू कुमार को शामिल किया गया है.
पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी समिति को दी गई है
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रबंधन, अतिथियों के आवागमन और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निबटने की जिम्मेदारी समिति की होगी. वहीं, फोटो, वीडियो एवं दस्तावेजीकरण समिति में बबलू कुमार एवं विकास कुमार को जिम्मेदारी दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए